पटना

एकंगरसराय: अचानक आये आंधी-पानी से कई स्थानों पर उखड़े पेड़ तो कई फसलों को पहुंचा भारी नुकसान


एकंगरसराय (नालंदा) (संसू)। बुधवार की दोपहर अचानक आयी आंधी-पानी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रखंड क्षेत्र के शिवदत्त बिगहा के समीप जहां विशाल पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ गया, वहीं किसानों के खेतों में लगे मक्का की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। मक्का के कई एकड़ में लगे फसल गिर कर बर्बाद हो गई है। इसके साथ हीं भिंडी, बोरा सहित अन्य सब्जी की फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।

दर्जनों स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूट कर गिर गये है। वहीं बारिश से किसानों के खेत में लगे प्याज की फसल में पानी भर जाने से काफी नुकसान हुआ है। प्रखंड के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में आंधी से बड़े पैमाने पर तारबूज, लालमी, ककड़ी की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में किसानों ने जिला व प्रखंड प्रशासन से हुए क्षति का मुआवजा दिलाने की मांग की है।