पटना

औरंगाबाद: पुलिस ने कार लूट के मामले का किया उद्भेदन, एक गिरफ्तार


औरंगाबाद (आससे)। नबीनगर थानाक्षेत्र से हुए कार चोरी के मामले का उदभेदन कर लिया गया है। औरंगाबाद के एसडीपीओ अनूप कुमार ने नगर थाना औरंगाबाद में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया चार अपराधियों ने ११ मार्च २०२० को माली थाना के सोरी निवासी कुमार गौरव उर्फ पिंकू की क्वीड कार नबीनगर माली रोड में छीन ली थी।

इस मामले में अज्ञात अभियुक्तों पर नबीनगर थाना में कांड संख्या ४८२० दर्ज कर वैज्ञानिक पद्घति से अनुसंधान किया जा रहा था। इसी दौरान नासरीगंज से शंकर कुमार नामक अभियुक्त को कल उसके घर से गिरफ्तार किया गया था। उसने इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर बताया कि इस कांड में चार अभियुक्त संलिप्त थे। उनमें से एक सिकरिया (रोहतास) के छोटु कुमार की मृत्यु हो गयी है। अन्य दो भोला यादव (काराकाट) एवं रवि यादव नासरीगंज किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछ-ताछ की जायेगी।

एसडीपीओ ने बताया कि कार चोरी कर इन अपराधियों ने उसे ओबरा के अजीत यादव के हाथों बेचा था। अजीत यादव व एक अन्य व्यक्ति शराब तस्करी करते ओबरा थाने में पकड़े गये थे। कार भी जब्त की गयी थी।

उन्होंने बताया कि कार ओबरा थाना में लगी है। श्री कुमार ने बताया कि घटना लगभग एक वर्ष पुरानी थी। फिर भी हम इसके उद्भेदन में लगे हुए थे। आज इस कांड का पूर्ण रूप से उदभेदन कर लिया गया है। पत्रकार वार्ता में एसडीपीओ के साथ नबीनगर थाना के जेएस आई मनोज कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।