Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कांग्रेस और स्मृति ईरानी की लड़ाई में बेटी बनी मोहरा, मंत्री ने कहा- राजनीतिक लड़ाई में हारने के बाद बेटी को किया जा रहा है बदनाम


नई दिल्ली। कांग्रेस और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर लगातार हमलावर केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को कांग्रेस ने उनकी बेटी के जरिए निशाना बनाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गोवा में उनकी बेटी जोइश इरानी के बार के पास फर्जी लाइसेंस है। जिस अधिकारी ने बार को नोटिस दिया है, उसे अब हटाया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री से तुरंत उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की है।

स्मृति ने कहा- कांग्रेस को कोर्ट और जनता की अदालत में जवाब मांगेंगी

वहीं स्मृति ईरानी ने इस आरोप को साजिश करार देते हुए कहा है कि उनकी बेटी का कोई बार नहीं है। उसे सिर्फ इसलिए बदनाम किया जा रहा है कि क्योंकि उसकी मां (स्मृति) सोनिया गांधी और राहुल गांधी के 5000 करोड़ के लूट को उजागर कर रही है। स्मृति ने चुनौती दी कि राहुल गांधी में साहस है तो फिर से अमेठी से चुनाव लड़े, वह फिर से हराएंगी।

कांग्रेस का आरोप, स्मृति की बेटी के गोवा में चल रहे बार का फर्जी लाइसेंस

शनिवार को सुबह कांग्रेस के संचार प्रमुख जयराम रमेश और पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरटीई से मिली जानकारी के आधार आरोप लगाया कि स्मृति इरानी की बेटी जोइश इरानी ने अपने कैफे एंड बार के लिए फर्जी दस्तावेज देकर ‘बार लाइसेंस’ जारी करवाए। जयराम ने कहा कि 22 जून 2022 को लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए जिस एंथनी डीगामा के नाम से आवेदन किया गया, उसकी मौत मई 2021 में ही हो चुकी है।

संसद में यह मुद्दा उठाएगी कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि गोवा की आबकारी नीति को भी इस दौरान ताक पर रखा गया। साथ ही बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को लेकर तरह- तरह के सवाल पूछने वाली स्मृति इरानी आज अपने पारिवारिक भ्रष्टाचार पर चुप क्यों है। जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस संसद में यह मुद्दा उठाएगी। साथ ही उन्होंने मांग की है कि महिला आरटीआई कार्यकर्ता को सुरक्षा मिले। स्मृति ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि मां का बदला बेटी से लिया जा रहा है।

राहुल को फिर से अमेठी से चुनाव लड़ने की चुनौती दी

उन्होंने कहा कि उनकी बेटी 18 साल की है और पढ़ाई कर रही है। स्मृति ने कहा कि कांग्रेस यह दिखाए कि नोटिस में उसकी बेटी का नाम कहां हैं। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के 5000 करोड़ के भ्रष्टाचार पर सवाल उठाया तो कांग्रेस उनकी बेटी को उसे मोहरा बनाकर घिनौना खेल खेल रही है। लेकिन इसका जवाब उसे कोर्ट में देना होगा। उन्होंने राहुल को फिर से अमेठी से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। वहीं जोइश के वकील किराट नागरा ने कहा कि जोइश का उक्त कैफे एंड बार के प्रबंधन में कोई भागीदारी नहीं है। वह शेफ की ट्रेनिंग ले रही हैं और इस सिलसिले में कई जगह प्रशिक्षण लिया है। उक्त कैफे एंड बार जोइश की नहीं है।