उत्तर प्रदेश लखनऊ

किसानोंको मिलेगा उपज का उचित मूल्य-मुख्य मंत्री


लखनऊ (आससे.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वर्तमान राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2017 से निरन्तर किसानों को व्यापक स्तर पर मूल्य समर्थन योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में एम0एस0पी0 के तहत प्रदेश में तेजी से धान खरीद की जा रही है। उन्होंने मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत गेहूं क्रय वर्ष 2021-22 में खरीद के लिए सभी प्रबन्ध समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में गेहूं खरीद वर्ष 2021-22 में खरीद सम्बन्धी व्यवस्थाओं के लिए आहूत एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जनपद में गेहूं क्रय के सम्बन्ध में कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रभारी अधिकारी गेहूं खरीद नामित किया जाए। गेहूं क्रय केन्द्रों का चयन करते हुए इनका विवरण राज्य मुख्यालय पर उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने गेहूं खरीद के लिए 06 हजार क्रय केन्द्रों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे किसानों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं क्रय केन्द्र के लिए पथ प्रदर्शक चिन्ह अवश्य लगाये जाएं।
—————————
यूपी विधान मंडलका बजट सत्र १८ फरवरी से
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधान मंडल का बजट सत्र 18 फरवरी गुरुवार से शुरू होगा और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दोनों सदनों को एक साथ सम्बोधित करेंगी। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने आज यहां यह जानकारी दी। वर्ष 2021 के इस प्रथम सत्र को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधान मंडल के दोनों सदनों को पूर्वाह्न 11 बजे एक साथ सम्बोधित करेंगी।
गौरतलब है कि इस सत्र में योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए बजट पेश करेगी। योगी सरकार का यह पांचवां और इस कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट होगा। अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह चुनावी बजट भी होगा।