पटना

खगडिय़ा: सदर अस्पताल परिसर में स्थलीय निरीक्षण के बाद ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य प्रारंभ


खगडिय़ा (आससे)। कोरोना की तीसरी संभावित लहर के मद्दे नजर भारतीय रक्षा अनुसंधान संगठन (डी.आर.डी.ओ.) द्वारा खगडिय़ा सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किये जाने को लेकर आज कार्यस्थल का निरीक्षण जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष द्वारा किये जाने के बाद कार्य प्रारंभ हो गया। ऑक्सीजन प्लांट सदर अस्पताल के उत्तर परिसर में बनेगा। कार्यारंभ के मौके पर डी.आर.डी.ओ. के प्रोजेक्ट मैनेजर, सिविल सर्जन और अस्पताल प्रबंधक भी मौजूद थे।

जिलाधिकारी ने इस मौके पर निर्माण कार्य एजेंसी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के मद्दे नजर ऑक्सीजन प्लांट का फाउंडेशन मजबूत बनाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने इसी क्रम में सदर अस्पताल परिसर में अलग से बनाये जा रहे सिटी कैन सेंटर का भी निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये।