पटना

खगड़िया: कटाव प्रभावित अग्रहण गांव का प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ जिलाधिकारी ने लिया जायजा


खगड़िया (आससे)। जिला के चौथम प्रखंड अंतर्गत ठुट्ठी मोहनपुर पंचायत के अग्रहण गांव में बागमती नदी से हुए कटाव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने  रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष  नवादा घाट से नाव के जरिए बागमती नदी पार कर अग्रहण पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बाढ़ राहत सामग्री के रूप में सूखा राशन के पैकेट का वितरण किया। वहीं उन्होंने अंचलाधिकारी को प्रभावित लोगों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण करने का भी निर्देश दिया।

बागमती नदी से अग्रहण गांव में हो रहे कटाव  और कुछ मकानों के नदी में समाने की सूचना मिलने पर पहुंचे जिलाधिकारी ने स्थिति का जायजा लिया  मौके पर मौजूद बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल  के कार्यपालक अभियंता गणेश सिंह को  जिलाधिकारी ने  अविलंब अग्रहण गांव में कटाव निरोधी कार्य कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने  कटाव का जायजा लेने के साथ स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत  की और  उनकी समस्याओं का हरसंभव निदान का आश्वासन दिया। अग्रहण में बागमती नदी के कटाव से 8-10 घर नदी में समा गए हैं। स्थानीय राजस्व कर्मी और अंचलाधिकारी को गृह क्षति की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है ताकि अभिलेख स्वीकृत कर संबंधित ग्रामीणों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा सके।

जिलाधिकारी ने अग्रहण गांव में प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) योजना, नल जल योजना, जन वितरण प्रणाली और वृद्धावस्था पेंशन के संबंध में भी ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। कुछ लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत जिलाधिकारी से की। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश किया गया कि कैंप लगाकर जीवन प्रमाणीकरण कराएं और योग्य लाभुकों को पेंशन का लाभ देना सुनिश्चित करें।

ग्रामीणों ने जन वितरण प्रणाली  के तहत राशन नहीं मिलने की भी शिकायत की। जिलाधिकारी ने अग्रहण गांव में नल जल योजना की स्थिति भी संतोषजनक पायी। जिलाधिकारी ने खुद नल चालू कर पानी की गुणवत्ता जांची और इसे ठीक पाया। स्थानीय ग्राम वासी पेयजल की गुणवत्ता से संतुष्ट नजर आए।