पटना

खगड़िया: जिला प्रशासन की तत्परता से सफल हुआ टेस्टिंग अभियान


कल महा टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की तैयारी

खगड़िया (आससे)। जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से मंगलवार को खगड़िया नगर और परवत्ता प्रखंड में चलाए गए टेस्टिंग महा अभियान में नगर परिषद खगड़िया के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी  भूपेंद्र प्रसाद यादव रहे, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मो नवाजिश अख्तर, नगर कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार और  परबत्ता प्रखंड के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता शत्रुंजय कुमार मिश्रा की भी सराहनीय भूमिका रही। इन सभी पदाधिकारियों ने दिन भर अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर टेस्टिंग महा अभियान का निरीक्षण किया और आवश्यकतानुसार निर्देश संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को दिए।

परबत्ता प्रखंड में गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी सुभाष चंद्र मंडल समेत भूमि सुधार उप समाहर्ता गोगरी राहुल कुमार, एसडीएम गोगरी चंद्र किशोर सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी परबत्ता रवि शंकर कुमार और अंचल अधिकारी परबत्ता अंशु प्रसून भी टेस्टिंग महा अभियान को सफल बनाने के लिए दिन भर विभिन्न पंचायतों का भ्रमण करते और लोगों को प्रेरित करते रहे। परबत्ता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई और लोगों को टेस्टिंग हेतु प्रेरित किया।

टेस्टिंग टीमों ने घर-घर भ्रमण कर जबकि कई स्थानों पर कैंप लगाकर भी लोगों का सैंपल लिया गया। जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने स्वयं नगर परिषद खगड़िया में चल रहे कोविड टेस्टिंग महा अभियान का जायजा लिया और टेस्टिंग कार्य में संलग्न टीमों का जबकि सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिंह ने भ्रमण कर टेस्टिंग अभियान में शामिल स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों का उत्साहवर्धन किया।

अभियान में बड़े-बुजुर्गों के साथ महिलाओं और बच्चों की भी सहभागिता देखने को मिली और उन्होंने बढ़-चढ़कर टेस्टिंग कराया। खगड़िया में 5811 और परवत्ता प्रखंड में 6190  कुल 12001 लोगों की जांच की गई। इनमें से करीब आधा दर्जन लोगों के रिपोर्ट पोजेटिव आने की सूचना है।

जिलाधिकारी  आलोक रंजन घोष ने लोगों से  टेस्टिंग महा अभियान की तरह कल के  टीकाकरण  महा अभियान को भी सफल बनाने में अपना खगड़िया जिला वासियों से योगदान देने और खगड़िया को कोविड महामारी के तीसरे लहर से बचाने की अपील की है।