पटना

खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के सभी 26 वार्ड संपूर्ण टीकाकृत घोषित 


      • स्टेडियम मैदान में जिलाधिकारी और नगर सभापति ने की घोषणा
      • नगर पार्षदों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

खगड़िया (आससे)। मुख्यालय के  स्टेडियम मैदान में आज नगर परिषद खगड़िया को नगर सभापति सीता कुमारी एवं जिला पदाधिकारी आलोक रंजन घोष द्वारा संयुक्त रूप से सम्पूर्ण टीकाकृत होने की  विधिवत रूप से घोषणा की गई। सर्वप्रथम इस मौके पर जिला पदाधिकारी आलोक रंजन घोष और उप विकास आयुक्त अभिलाषा शर्मा  को नगर सभापति  ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

जिला पदाधिकारी आलोक रंजन घोष ने इस मौके पर कहा कि आज नगर परिषद खगड़िया को सम्पूर्ण टीकाकृत होने की घोषणा की गई । उन्होंने कहा कि शुरुआत में जब टीका केंद्र लगाया जा रहा था तो लोगों में टीका लेने के लिए उत्साह नहीं था। विभिन्न प्रकार के भ्रम लोगों के मन में बना था। स्वास्थ्य विभाग् की टीम को लग रहा था कि कैसे खगड़िया जिला सम्पूर्ण टीकाकृत होगा। मैनें पहले शहरी क्षेत्र को सम्पूर्ण टीकाकृत करने की योजना बनाई। इसके लिए नगर सभापति सीता कुमारी एवं सभी नगर पार्षदों के साथ बैठक में मैंने कहा कि आप लोग आमलोगों से सीधा जुड़े हुए हैं अगर आपलोग डोर टू डोर लोगों को टीका लेने के जागरूक  करेगें तो सम्पूर्ण टिकाकरण का लक्ष्य आसान हो जायेगा और आज हमें इस अभियान में  सफलता मिली।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहर को सबसे पहले सम्पूर्ण टीकाकरण करना इसलिए आवश्यक था क्योंकि सबसे ज्यादा दूसरे लहर में शहर के लोग ही प्रभावित हुए थे।अगर शहर के लोग टीकाकृत हो जाते हैं तो हम ज्यादा सुरक्षित हो जायेगें क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी आवश्यकता का सामान आदि के लिए शहर आते हैं अगर शहर के लोग सुरक्षित नहीं रहेगें तो ग्रामीण क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बनी रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के वैसे लोग ही टीकाकरण से बच गये जो शहर से बाहर थे वे लोग अगर बाहर से आते हैं तो शहर में के एन क्लब में स्थायी टिका केंद्र बनाया गया है वहाँ टीका ले सकते हैं। जो लोग चाहेगें घर पर ही टीका लेगें उनके लिए भी व्यवस्था की जायेगी।

सम्पूर्ण टीकाकरण घोषणा के बाद सभी पार्षदों को जिला पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी  किया गया। नगर सभापति सीता कुमारी ने कहा कि मैंने जिलाधिकारी को बैठक में भरोसा दिलाया था कि नगर परिषद के सभी नगर पार्षद टिकाकरण के लिए डोर टू डोर जाकर जागरूक करेगें और शहर को सम्पूर्ण टीकाकृत करेगें और आज वह दिन आ गया कि पूरा शहर सम्पूर्ण टीकाकृत हो गया। शहर को सम्पूर्ण टीकाकृत करने में जिला पदाधिकारी स्वयं टिकाकरण अभियान का मॉनिटरिंग कर रहे थे। पार्षदों के साथ जिला प्रशासन के आपसी तालमेल से ही  आज शहर सम्पूर्ण टीकाकृत हो गया।

नगर पार्षद रणवीर कुमार ने कहा कि शुरुआत में लोगों को टीका दिलवाने में बहुत परेशानी हुई घर घर जाकर लोगों को समझाना पड़ा कि टिका लेने से कोई परेशानी नहीं होगी और यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। मुझे खुशी है कि हमारा 24 नंबर वार्ड इस कड़ी में  सबसे पहले सम्पूर्ण टीकाकृत वार्ड घोषित किया गया था।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर उपसभापति सुनील कुमार पटेल, उप विकास आयुक्त अभिलाषा शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता, डी आई ओ देवनंदन पासवान, अस्पताल प्रबन्धक शशिकांत, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पूनम कुमारी, नगर पार्षद सरोजनी देवी आदि उपस्थित थे।