पटना

गया में सेक्स रैकेट का खुलासा, 13 लोग गिरफ्तार


गया। ज्ञानभूमि बोधगया में जिस्मफरोशी के चल रहे धंधे को रोकने की दिशा में गया पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गया पुलिस ने 2 दिन पहले पकड़े गए दलाल मुकेश ऊर्फ सुरेश ठाकुरकी निशानदेहीपर 13 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एसएसपी आदित्य कुमार ने शुक्रवार को अपने कक्ष में पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।

एसएसपी आदित्य कुमारने बताया कि विगत 18 जनवरीको सूचना प्राप्त हुई थी कि बोधगया थाना क्षेत्र में अवस्थित महिमा गेस्ट हाउस के बगल के भवन में कोलकात्ता सोनागाछी क्षेत्र से आई दो युवतियों को वेश्यावृति कराने के लिए लाया गया है। यह भी जानकारी मिली कि वास्तव में यह भवन महिमा गेस्ट हाउस के रिश्तेदार का है, जिसका संचालन महिमा गेस्ट हाउस के मालिक के द्वारा ही किया जा रहा है। इस घटना को लेकर बोधगया थाना काण्ड संख्या 28/22 दर्ज किया गया था। इस काण्ड में यह तथ्य प्रकाश में आया था कि लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाकर वैश्यावृति कराने वाले सेक्स रैकेट का मुख्य सरगना मुकेश नामक युवक है।

एसएसपी और सिटी एसपी के निर्देश पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बोधागया अजय प्रसाद, पुलिस निरीक्षक रूपेश कुमार सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक तार बाबू के नेतृत्वमें एक टीम बनाई गई और त्वरित छापामारी करते हुए कुख्यात अपराधी मुकेश ऊर्फ सुरेश ठाकुर और उसके एक साथी बेलागंज निवासी राजकुमार प्रसाद के पुत्र शिवशंकर कुमार को पकड़ा गया। सुरेश ठाकुर ऊर्फ मुकेश से पूछताछ करने पर उसने घटना में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह लंबे समय से इस धांधो में लिप्त है और उसके उपर पहले से भी अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज है।

उसने बताया कि वह कोलकात्ता के सोनागाछी रेड लाईट एरिया की लड़कियों के संपर्क में है और उन्हें यहां बुलवाकर वैश्यावृति का धंधा कराता है। एक दिन पूर्व विमुक्त कराई गई दोनों लड़कियों को भी इसने ही बुलाने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने इन्हें आनलाईन 15000 रूपये भी दिए थे। पकड़े गए शिवशंकर कुमार ने बताया कि वह ई रिक्शा चालक है और ग्राहकों के लिए खाना पहुंचाने से लेकर लड़कियों को बस स्टैंड से गेस्ट हाउस पहुंचाने के काम में यह मुकेश ऊर्फ सुरेश ठाकुर की मदद करता है।

जब सुरेश ठाकुर उर्फ मुकेश के मोबाईल को खंगाला गया तो पाया गया कि उसके मोबाईल पर गया और बोधगया क्षेत्र के कई दर्जन सफेदपोश लोग संपर्क में है। मुकेश ने यह भी बताया कि वह व्हाट्सएप के जरिए सभी को पहले लड़कियों के फोटो और रेट उपलब्ध कराता है और फिर सौदा फाईनल होने पर लड़कियां उपलब्ध कराता था। उसके व्हाट्सएप मैसेज देखने पर उसके इस बात की पुष्टी भी हुई। इसने बताया कि यह कोलकात्ता के रेड लाईट एरिया सोनागाछी से लड़कियों को बुलाता था जो कि टूरिस्ट बनकर आती हैं और 5-7 दिन किसी होटल या गेस्ट हाउस में रूकती है। मुकेश ने बताया कि वह आधा घंटे से लेकर फुल नाईट का अलग-अलग चार्ज करता था। इसमें से लड़कियों को केवल 500 रूपये देता था। पूछताछ में सुरेश ठाकुर उर्फ मुकेश ने बताया है कि आज भी उसके कुछ ग्राहक आने वाले हैं, जिनसे पहले बात हो चुकी है और उनके लिए उसने कुछ और लड़कियों का इंतजाम किया है। इसके उपरांत मुकेश को लेकर बोधगया पुलिस की टीम उसी गेस्ट हाउस के बगल में छिपकर इंतजार करने लगी। इसके बाद मुकेश के कुल 13 ग्राहक आते गए और पुलिस के बिछाए जाल में फंसते चले गए।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में राजा कुमार उम्र 23 वर्ष पिता अनिल ठाकुर, ग्राम-हंटरगंज, थाना हंटरगंज, शुभम कुमार उम्र 22 वर्ष पिता स्व. संजय सिंह, ग्राम भागलपुर, बोधगया, अब्दुल कलाम उम्र 28 वर्ष पिता तहुर अंसारी, ग्राम धंधवा, अभिषेक कुमार उम्र 22 वर्ष पिता सत्येन्द्र सिंह, बंधुआ परोलिया, थाना मफ़ुस्सिल, औरंगाबाद, कृष्णा कुमार पाण्डेय उम्र 25 वर्ष पिता ईश्वरी पाण्डेय, ग्राम बहेला बिगहा, थाना टेकारी, शुभम कुमार उम्र 22 वर्ष पिता स्व. उमाकान्त तिवारी, ग्राम बंगाली आश्रम, थाना विष्णुपद, राजा साह उम्र 22 वर्ष पिता बैधानाथ साव, ग्राम बड़की डेल्हा पर, थाना डेल्हा, आनंद कुमार उम्र 20 वर्ष, पिता बिक्कु दास, ग्राम छोटकी डेल्हा, थाना डेल्हा, गुलशन कुमार उम्र 25 वर्ष पिता महेश सिंह, ग्राम रशलपुर, थाना मफ़ुस्सिल, अविनाश कुमार उम्र 26 वर्ष पिता रामधयान सिंह, ग्राम रशलपुर, थाना मुफस्सिल, अमर कुमार उम्र 34 वर्ष पिता राजेन्द्र राय, ग्राम भट्ट बिगहा, थाना मोहनपुर, आयुष्मान तिलक उम्र 25 वर्ष पिता अंजनी कुमार तिलक, एपी कालनी, थाना रामपुर एवं प्रशान्त आनंद उम्र 26 वर्ष पिता अरविन्द किशोर प्रसाद, ग्राम मुस्तफाबाद, थाना रामपुर शामिल हैं।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से 16 स्मार्ट फोन भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए सभी लोगों से पूछताछ करने पर इन्होंने बताया ये लोग मुकेश उर्फ सुरेश ठाकुर के संपर्क में थे और जब इन्हें नई लड़कियों के आने की सूचना मिली तो ये सौदा पक्का करने आ गए थे। सभी ने अपना अपराध स्वीकार किया जिसके बाद इन सभी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में एक अभिषेक कुमार महिन्द्रा एंड महिन्द्रा इश्योरेस कंपनी औरंगाबाद का एरिया मैनेजर है। जबकि एक अन्य गिरफ्तार व्यक्ति शुभम कुमार ने बताया कि वह एक चैनल में स्ट्रिंगर है, जबकि कृष्ण कुमार पाण्डय विष्णुपद थाना अंतर्गत दक्षिण दरवाजाके रहने वालेने बताया कि वह एक समाज सुधारक है।

एसएसपी आदित्य कुमार ने बताया कि सेक्स रैकेट के मुख्य सरगना मुकेश उर्फ सुरेश ठाकुर का आपराधिक इतिहास भी है, वह बोधगया थाना काण्ड संख्या 13/18 का फरार अभियुक्त है। इसके अलावे आनंद कुमार, पिता बिक्कु दास, ग्राम छोटकी डेल्हा, थाना डेल्हा ने बताया कि पहले डेल्हा थाना काण्ड संख्या 275/21 में जेल जा चुका है। पकड़े गए युवकों में से एक की सूचना पर अश्विनी कुमार पेशर विजेन्द्र प्रसाद ग्राम आनंद विहार थाना रामपुर और अविनाश कुमार पेशर राम लखन प्रसाद ग्राम मुस्तफाबाद थाना रामपुर को शराब की होम डिलीवरी करते पकड़ा गया, जिसके बाद इनके विरूद्ध अलग से बोधगया थाना काण्ड संख्या 29/22 दर्ज कराया गया।

पकड़े गए इन दोनों युवकों की निशानदेही पर रामपुर थाना और विष्णुपद थाना क्षेत्र से एक-एक और युवक को शराब की होम डिलीवरी करते पकड़ा गया जिसके विरूद्ध संबंधित थाना में अलग-अगल दो काण्ड दर्ज कराए गए हैं। एसएसपी ने यह भी बताया कि होटल नामों बुद्धा में सेक्स रैकेट का कारोबार चलता है उसके संचालक की गिरफ्तारी की जाएगी।