Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

गांधी परिवार के लिए नहीं बनेगा कोई अलग कानून, राहुल को मांगनी चाहिए माफी- अनुराग ठाकुर


ऊना। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गांधी परिवार को जमकर निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में जिस तरह का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्हें समझ लेना चाहिए कि गांधी परिवार के लिए देश में कोई विशेष और अलग तरह का कानून बनने वाला नहीं है। जो कानून देश के हर नागरिक के लिए हैं वहीं कानून राहुल गांधी और सोनिया गांधी के लिए भी सामान है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को तुरंत अपने व्यवहार और अपनी भाषा के लिए माफी मांगनी चाहिए। लेकिन उल्टा राहुल गांधी कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं को देश के संविधान और कानून के उल्लंघन का पाठ पढ़ा कर देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

‘सत्यपाल मलिक का बयान हास्यास्पद है’

अनुराग ठाकुर ने सत्यपाल मलिक के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सत्यपाल मलिक का बयान केवल मात्र हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि सत्यपाल मलिक को यह भी बताना चाहिए कि कुर्सी से उतरने के बाद ही उन्हें इस तरह के बयानों की याद क्यों आई। अनुराग ने कहा कि केवल मात्र समाचारों की सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी कोई नई बात नहीं है।

‘देश की तकदीर और तस्वरी बदल चुकी है’

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था इस वक्त विश्व में पांचवें पायदान पर पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार देश तरक्की कर रहा है आने वाले दिनों में देश की अर्थव्यवस्था टॉप थ्री में भी जल्द पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में कांग्रेस ने बदहाल अर्थव्यवस्था में देश भाजपा के हाथों में सौंपा था। लेकिन आज देश की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल चुके हैं।