News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

Chandigarh : लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-आप ने मिलाया हाथ, चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन में एक साथ दिखाएंगे ताकत


चंडीगढ़। चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए आप और कांग्रेस पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगी। इसकी घोषणा कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने की है।

एजेंसी एएनआई के अनुसार, कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने बताया कि दोनों पार्टियों ने इस पर चर्चा की, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। आप मेयर पद पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस शेष दो पर चुनाव लड़ेगी।

मंथन के बाद लिया गया फैसला

पवन कुमार बंसल ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले निगम चुनाव आ गए हैं। हम सभी ने इस पर चर्चा की। मंथन के बाद यह निर्णय लिया गया है कि आप मेयर पद के लिए चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस वरिष्ठ उप महापौर पद के लिए चुनाव लड़ेगी। इसका परिणाम यह होगा कि इंडिया ब्लॉक से हमारा उम्मीदवार अच्छे बहुमत से सफल होगा।

एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बंसल ने बताया कि राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस और आप के बीच सहमति बनी  है। विभिन्न दलों के बीच बैठकें हुई हैं जो इस फैसले से राजी हैं। इस समय लोकतंत्र की भावनाओं को बचाने के लिए सभी एक साथ आए हैं।

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कुल 35 पार्षद डालेंगे वोट

फिलहाल बीजेपी के पास 14 पार्षद और एक सांसद का वोट है, वहीं आम आदमी पार्टी के पास 13 और कांग्रेस के पास 7 पार्षद हैं। शिरोमणि अकाली दल के पास 1 पार्षद है। बहुमत के लिए 18 वोटों की जरूरत है, जिसमें बीजेपी के पास सबसे ज्यादा 15 वोट हैं। हालांकि, अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ आती हैं तो उनके पास कुल 20 वोट होंगे।

आप और कांग्रेस के बीच यह गठबंधन तब हुआ है जब आप और कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन बनाने की योजना पर काम कर रहे थे। बता दें, इससे पहले, दिल्ली में आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बैठक हुई थी।

बैठक में राहुल और राघव चड्डा रहे मौजूद

मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी सांसद राघव चड्ढा भी मौजूद रहे। ऐसी खबर है कि आप और कांग्रेस दिल्ली, पंजाब के साथ-साथ गोवा और हरियाणा में सीटें साझा कर सकती हैं।