पटना

गांधी मैदान में उतरेगा ‘बिहार’, तीन दिन तक बिखरेगी छटा


      • राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार आयेंगे
      • लेजर शो होगा, व्यंजन मेला लगेगा
      • पवेलियन स्टॉल होंगे, नुक्कड़ नाटक खेले जायेंगे
      • श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में भी महफिल सजेगी

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। बिहार दिवस पर राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘बिहार’ फिर उतरेगा। त्रिदिवसीय राज्यस्तरीय बिहार दिवस समारोह में तीन दिन तक गांधी मैदान में सतरंगी छटा बिखरेगी। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामी-गिरामी कलाकार आयेंगे। पवेलियन बनेंगे। स्टॉल लगेंगे। व्यंजन मेला लगेगा। आयोजन के और भी कई आकर्षण होंगे। बिहार दिवस का प्रस्तावित थीम ‘जल, जीवन, हरियाली’ है।

त्रिदिवसीय समारोह गांधी मैदान में 22 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगा। उद्घाटन 22 मार्च को और समापन 24 मार्च को होगा। गांधी मैदान के साथ ही श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में भी साज-आवाज की महफिल सजेगी। आपको याद दिला दूं कि गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह का आयोजन कई साल बाद होगा। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी के दिशा-निर्देश में बड़े पैमाने पर आयोजन की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। गांधी मैदान में मुख्य मंच से सटा एक छोटा मंच भी होगा। चार बड़े पवेलियन होंगे। सांस्कृतिक पंडाल होगा। सरकारी विभागों तथा निगम-बोर्डों के स्टॉल होंगे। नुक्कड़ नाटक होंगे। प्रशासनिक पवेलियन होगा। शिक्षा विभाग का अपना कंट्रोल रूम होगा। परिसर में सीसीटीवी कैमरे की नजर होगी।

सीसीटीवी कैमरे बेल्ट्रॉन के समन्वय से लगाये जायेंगे। वीडियो रिकार्डिंग के साथ स्टील फोटोग्राफी की व्यवस्था होगी। प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था होगी। अग्निशमन दल रहेगा। चिकित्सा टीम होगी। वाच टावर रहेगा। पुलिस फोर्स की तैनाती होगी। इसमें पुरुष एवं महिला दोनों पुलिसकर्मी होंगे। इसके साथ ही आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी के जवानों के साथ ही बाउंसर भी तैनात होंगे।

मुख्य मंच पर राज्य गीत के साथ लेजर शो होंगे। इसमें स्कूली बच्चों, साक्षरताकर्मियों एवं जीविका दीदियों की सहभागिता होगी। इन सबों के लिए रहने एवं खाने-पीने की व्यवस्था रहेगी। गांधी मैदान में 21 मार्च से फॉगिंग शुरू हो जायेगी। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन होगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पटना प्रमंडल के आयुक्त तथा पटना के जिलाधिकारी एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक के साथ बैठक होगी। स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन के साथ भी शिक्षा विभाग की बैठक होगी।

त्रिदिवसीय समारोह की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग में अधिकारियों की सोमवार को बैठक हुई। यह पहली बैठक थी। इसमें सभी संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में आयोजन को लेकर सभी पहलुओं पर विमर्श हुआ। बैठक घंटों चली।