पटना

गोपालगंज में क्रिकेट खेलने के दौरान हुये विवाद में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर


गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के तकिया बनकट गांव में नामजदों ने एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। जख्मी युवक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। 25 वर्षीय पीड़ित युवक का नाम मोहम्मद सलीम है। जो कि तकिया बनकट गांव के निवासी साबिर अली का पुत्र है।

बताया जाता है कि मोहम्मद सलीम आज अपने गांव तकिया बनकट में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। क्रिकेट खेलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद तकिया याकूब गांव के एक युवक ने मोहम्मद सलीम को नजदीक से गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी है। जिसे आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां से युवक का एक्सरे कराने के बाद उसे गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।

नगर थाना के एसआई बीएन राय ने बताया कि क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ है। जिसमे दो गुटों में कहासुनी हुई थी। इसी विवाद में एक युवक मोहम्मद सलीम को गोली मारी गई है। युवक को इलाज करने के बाद बाहर रेफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों के फर्द बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित युवक के साथ में क्रिकेट खेल रहे युवक वसीम ने बताया कि गांव के ही कुछ युवकों ने उसे गोली मारी है। गोली पेट में लगी है। युवक ने बताया कि गांव के मोहम्मद अफरोज के लड़के ने गोली मारी है। सभी युवकों के पाया अवैध हथियार था। बहरहाल पुलिस ने पीड़ित के बयान पर छानबीन शुरू कर दी है।