चंदौली

चंदौली।यातायात माह का एएसपी ने किया शुभारम्भ


चंदौली। पूरा नवंबर माह यातायात पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता माह के रूप में मनाया जाएगा। इस कड़ी में मंगलवार को पुलिस लाइन से एएसपी विनय कुमार सिंह ने यातायात जागरूकता माह-2022 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जीवन बहुमूल्य होता है। इसे किसी भी प्रकार की लापरवाही से खतरे में नही डाला जाना चाहिए। पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जाता रहता है। साथ ही प्रत्येक माता-पिता एवं अभिभावक द्वारा अपने बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करने की शिक्षा अवश्य देनी चाहिए। कार्यक्रम में नगर पालिका इंटर कॉलेज मुगलसराय के एनसीसी के बच्चों एवं एसआरवीएस मुगलसराय के बच्चो, शिक्षकों सहित समस्त लोगों को सम्बोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन सुखराम भारती ने कहा कि बच्चे इस बात की शपथ लें की वे अपने अभिभावक, माता-पिता, भाई-बहन आदि किसी को भी बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन तथा बिना शीट बेल्ट के चार पहिया वाहन नहीं चलानें देगें। उनसे यातायात नियमों का पालन करने के लिए कहेंगे। हेलमेट एवं शीटबेल्ट चालान के डर से नहीं बल्की अपनी स्वयं की सुरक्षा हेतु लगायें। आज के समय सड़क दुर्घटना में होने वाली मौंते किसी भी तरह की होने वाली मौतों से कहीं अधिक है। अगर हम सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूर्णतया पालन करें तो होने वाली इन दुर्घटनाओं तथा असमय मृत्यु को काफी हद तक कम किया जा सकता है। क्षेत्राधिकारी नौगढ़ कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक रामविलास, यातायात प्रभारी श्यामजी यादव एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे तथा सभी के द्वारा यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके बाद चंदौली पुलिस का पैंथर दस्ता व बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाल कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया तथा इससे सम्बन्धित पम्पलेट व पर्चे भी बांटे गए। यातायात विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष यातायात जागरुकता माह का आयोजन कर नागरिकों को वाहन चलाने के दौरान जरुरी सावधानियां बरतने के बाबत जागरुक किया जाता है।