News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

चतुराई से बोलकर जीत गए पीएम मोदी, सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा की जीत पर कसा तंज


जयपुर, । पांच राज्‍यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने चार राज्यों में जीत हासिल की है तो पंजाब में आम आदमी पार्टी को शानदार कामयाबी मिली है। वहीं इन चुनावों में विपक्ष की अगुवाई करने वाली कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा की प्रचंड जीत को लेकर विपक्ष की तरफ से लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। इस पर राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि पीएम मोदी चतुराई से बोलते हैं। वह विपक्ष पर एजेंसियों को बदनाम करने का आरोप लगाते हैं लेकिन पूरा देश देख सकता है कि आज भारत में क्या हो रहा है, आइटी, ईडी, सीबीआइ के साथ क्या हो रहा है। देश में कैसे छापेमारी हो रही है दुनिया देख सकती है।

मुख्‍यमंत्री गहलोत ने कहा हमें सच्चाई को आम लोगों तक ले जाना होगा, तभी भारतीय जनता पार्टी बेनकाब होगी। हम महात्‍मा गांधी के रास्‍ते पर चलेंगे। भाजपा हिंदुत्व और ध्रुवीकरण के नाम पर चतुराई से बोलकर जीत गए। देश में उत्‍तर प्रदेश के कोविड मैनेजमेंट के बारे में हर कोई जानता है। फिर भी, विपक्ष पिछड़ गया क्योंकि वे (भाजपा) चतुराई से बोलते हैं। इसने लोगों की सोच बदल दी। मेरा मानना है कि अंत में सत्य की जीत होती है।

बेहतर परिणाम की थी उम्मीद

बता दें कि इससे पहले वीरवार को मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि, कांग्रेस पार्टी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के जनादेश को स्वीकार करती है। सीएम ने ट्वीट कर कहा था, “हमें पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में बेहतर परिणाम की उम्मीद थी। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव में बहुत मेहनत की। हम विनम्रतापूर्वक परिणाम को स्वीकार करते हैं और जीतने वाले उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हैं। आशा है कि वे इसे जनता से किए वादे पूरे करेंगे। ।

भाजपा ने चार राज्यों में लहराया झंडा

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। जोधपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। भाजपा कार्यकर्ता और नेता जीत को लेकर काफी उत्साहित थे और उन्होंने आने वाले समय में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया।