पटना

जहानाबाद: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय महापर्व छठ व्रत सम्पन्न


      • संगम घाट पर दिखा अद्भुत नजारा, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
      • ग्रामीण क्षेत्रों में भी अर्घ देने श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

जहानाबाद। लोक आस्था का महान पर्व छठ पूजा गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही सम्पन्न हो गया। अर्घ देने को ले शहर से गांव तक के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के दरधा-यमुने संगम घाट पर तो मानों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं छठी मइया की महिमा के गीतों की प्रस्तुति से ऐसा समां बंधा कि पूरे इलाके में धार्मिक छटा बिखरी रही। संगम घाट का नजारा यह था कि एक इंच जगह भी कहीं खाली नहीं दिख रहा था। व्रतियों के आगे दूधा-जल का अर्पण करने उनकी धोती-साड़ी से शरीर पोंछने, हवन में हुमाद देने और फि़र श्रद्धा के साथ हाथ पसारकर प्रसाद मांगने के क्रम में परिजनों-भक्तजनों के बीच खूब होड़ मची रही। जिला मुख्यालय स्थित संगम घाट के अलावा निजामुद्दीनपुर, सोईया घाट, श्याम घाट समेत अन्य घाटों पर व्रतियों ने भगवान भास्कर को नमन किया।

इधर घोसी में भी सूर्योपासना के चार दिवसीय शुद्धता के महान छठ पर्व गुरुवार को श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ सम्पन्न हो गया। चार दिवसीय शुद्धता के महान छठ पर्व को लेकर घोसी प्रखंड क्षेत्र में भक्ति का माहौल कायम हो गया था। प्रखंड क्षेत्र के देहुनी तालाब, घोसी सूर्य मंदिर स्थित पोखर, लखावर तालाब, कैरवा फ़ल्गु नदी ईत्यादि छठ घाट पर बुधवार को डुबते सूर्य एवं गुरुवार को उदयीमान सूर्य को छठ व्रती अर्घ्य अर्पित किया। गुरुवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर घाट स्थित सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना की।

इस अवसर पर समाजसेवी सुभ्रान्त सिंह उर्फ शिबू सिंह ने छठ व्रती को पूजन सामग्री वितरण किया। इस अवसर पर सभी छठ घाट पर प्रशासन मुश्तैद दिख रहे थे। जिलाधिकारी हिमांशु कुमार राय, एसपी दीपक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय सहित जिले के कई वरीय अधिकारी घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।

वहीं रतनी प्रखंड क्षेत्र में छठ महापर्व का अनुष्ठान गुरुवार को उदयीमान भगवान भास्कर के अर्धा्य के साथ ही काफ़ी धूमधाम से संपन्न हो गया। प्रखंड क्षेत्र के रघुनाथ गंज सूर्य मंदिर घाट, उचिटा ठाकुरबाड़ी पर छठ व्रतियों की काफ़ी भीड़ देखी गई। क्षेत्र के जहांगीरपुर, गुलाबगंज शेसम्बा, कखौरा पण्डितपुर, झूनाठी पतियावा सूर्य मंदिर घाट पर हजारों की संख्या में छठ व्रती पहुंचकर  उदयीमान भगवान भास्कर को अर्पित किया। छठ पर्व के दौरान शकूराबाद थाने की पुलिस सभी छठ घाटों पर मुस्तैद दिखी। स्वास्थ्य विभाग की टीम के सभी घाटों पर स्वास्थ्य जांच एवं कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए स्टॉल लगाकर वैक्सीन का टीका लगाया जा रहा था। छठ पूजा समिति के कार्यकर्ता घाट पर पहुंचने वाले लोगों की सहायता में नजर आ रहे थे। वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी भी पूरी तरह मुस्तैद थे।

उधर हुलासगंज प्रखंड क्षेत्र के नदी घाटों एवं विभिन्न तालाबों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पिछले चार दिनों से जारी इस व्रत के कारण आसपास का माहौल बड़ा ही भक्तिमय बना हुआ था। प्रखंड क्षेत्र के फ़ल्गु नदी तट उत्तिमपुर, केउर, सलेमपुर सूर्य मंदिर आदि के पास छठ व्रतियों के काफ़ी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर प्रशासन के द्वारा भी पुख्ता व्यवस्था किया गया था। अंचलाधिकारी अरविंद कुमार चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार, थाना अध्यक्ष दीपक कुमार पूरे मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में डटे हुए थे। वहीं पीएचसी प्रभारी महेंद्र प्रसाद सिंह के द्वारा घाटों पर चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई थी।