पटना

जहानाबाद: कुर्रे में आयोजित संवाद शिविर में सांसद व डीएम ने सुनी लोगों की समस्याएं


सरकारी योजनाओं का लिया जायजा, दिया कई आवश्यक निर्देश

जहानाबाद। जिले के घोषी प्रखंड के कुर्रे पंचायत में ग्रामीणों व किसानों के साथ संवाद शिविर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सांसद चन्देश्वर प्रसाद चंद्रवंशी व जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने की। इस दौरान पंचायत अंतर्गत महादलित टोले में ग्रामीणों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। मौके पर प्राथमिक विद्यालय, बाजिदपुर को मध्य विद्यालय में समायोजित करने का प्रस्ताव दिया गया।

मौके पर जिला पदाधिकारी ने विशेष सर्वेक्षण शिविर कार्यालय, में संबंधिात पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं कर्मियों से कार्यों की समीक्षा किया। समीक्षा के क्रम में बंदोवस्त पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि ग्राम पंचायत कुर्रे के राजस्व ग्राम कौरा, थाना- 631 के टोला बाजिदपुर में अभी तक कुल 381 प्रपत्र 2 (स्वघोषणा पत्र) एवं प्रपत्र 3 (क) (वंशावली) को प्राप्त किया गया है।

वहीं जिला पदाधिकारी ने कुर्रे पंचायत में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए, जिसके बाद उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक निदेश दिया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, घोषी, सहायक बंदोवस्त पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।