पटना

जहानाबाद: जमीनी विवाद में गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा तुलाबीघा


गोलीबारी में एक घायल, गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती

रतनी (जहानाबाद)। जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र के तुला बीघा गांव में उस समय अफरा तफरी मच गयी जब जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। घटना में उमेश यादव नामक एक व्यक्ति को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर द्वारा उसे इलाज किया जा रहा है।

घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जाता है। जानकारी के अनुसार कई महीनों से दो गोतिया के बीच जमीनी विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर बुधवार की शाम दोनों पक्ष में कहासुनी हुई और फिर एक पक्ष द्वारा गोलीबारी कर दिया गया जिसमें उमेश यादव को गोली लग गयी। घटना के बाद इसकी सूचना स्थानीय थाने के पुलिस को दी गई। इधर जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। इस मामलें में पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

इधर घटना से गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया है। ज्ञात हो कि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी विवाद बढ़ता जा रहा है और जमीन के कारण मारपीट से लेकर गोलीबारी की घटना तक घट रही है। हालांकि हर शनिवार को जनता दरबार का आयोजन जमीनी विवाद निष्पादन के लिए किया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता दरबार का सही ढंग से संचालन नहीं हो पाने से विवाद में खून खराबा तक हो रहा।