पटना

जहानाबाद: लंबित मामलों का भी ससमय करें निष्पादन : डीएम


वरीय पदाधिकारियों ने जिले के सातों अंचल का किया निरीक्षण

जहानाबाद। बुधवार को अपर मुख्य सचिव, राजस्व विभाग के आदेशानुसार जिला पदाधिकारी हिमांशु कुमार राय के साथ-साथ जिले के समस्त पदाधिकारियों द्वारा जिले के सातो अंचल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार द्वारा अंचलवार गठित निरीक्षण दल के वरीयतम पदाधिकारी द्वारा किया गया।

निरीक्षण में जिला पदाधिकारी द्वारा सदर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया, जिसमें उन्होंने अंचल कार्यालय के रोकड़वही, आगत-निर्गत पंजी, दाखिल-खारिज (आफ लाईन), आनलाईन मोटेशन, भूमि विवाद में अधिकांश मामले जमीन की मापी, रैयतों के बीच सीमांकन, लोक भूमि अतिक्रमण, सरकारी भूमि के आवंटियों को बेदखल किये जाने, गैर मजरूआ मालिक-आम जमीन एवं बकाश्त भूमि अद्यतन जानकारी प्राप्त किया। निरीक्षण में सभी कार्य संतोषजनक पाया गया। मौके पर जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी को निदेश दिया कि लंबित मामलों का भी ससमय निष्पादन करें।

उन्होंने कार्यालय के सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, जो भी संतोषजन पाया गया। निरीक्षण में जिला पदाधिकारी ने भूमि विवाद में अधिकांश मामले जमीन की मापी, रैयतों के बीच सीमांकन, लोक भूमि अतिक्रमण, सरकारी भूमि के आवंटियों को बेदखल किये जाने, गैर मजरूआ मालिक जमीन एवं बकाश्त भूमि पर कब्जा तथा नल-गली एवं छज्जा के निर्माण को लेकर होते हैं, इस पर विशेष ध्यान रखने का निदेश दिया। साथ ही सभी कर्मियों को ससमय अपने-अपने आवंटित कार्यो का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

इधर मखदुमपुर अंचल का अपर समाहर्ता अरविंद मंडल, हुलासगंज अंचल में वरीय उप समाहर्ता संजीव कुमार जमुआर, काको अंचल में बंदोबस्त पदाधिकारी उपेन्द्र प्रसाद, घोषी अंचल का जिला पंचायत राज पदाधिकारी मो. गुलाब हुसैन, रतनी फरीदपुर अंचल का वरीय उप समाहर्ता संजीव बक्सी तथा मोदनगंज अंचल में भूमि सुधार उप समाहर्ता मो शिबगतुल्लाह ने निरीक्षण किया।