पटना

जहानाबाद: विषाक्त भोजन खाने से दो मासूमों की मौत, तीन अन्य लोग बीमार


      • रात में खाया पीठा, सुबह सभी हुए बीमार
      • घटना से मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के विष्णुगंज ओपी के औदान बीघा गांव में विषाक्त भोजन खाने से दो मासूमों की जान चली गई। वहीं परिवार के तीन अन्य सदस्यों को गम्भीर हालात में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से परिजनों के साथ साथ गांव में भी कोहराम मच गया है।

दरअसल, मंगलवार की रात घर में पीठा बना था। उक्त पीठा परिवार के सभी सदस्यों ने खाया था। लेकिन सुबह सभी सदस्यों की तैबियत बिगड़ गयी। परिवार के बीमारी की जानकारी जैसे ही पड़ोसियों को मिली लोगों ने आनन-फानन में सभी को स्थानीय सुखदेव प्रसाद वर्मा रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।

यहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने सबों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो मासूम बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में पांच वर्षीय रिधन कुमार व दो वर्षीय राधा कुमारी शामिल हैं। वहीं मां सीमा कुमारी, दादी उर्मिला देवी तथा घर के एक अन्य वृद्ध महिला जमुनी देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। गृहस्वामी व मृत बच्चों के पिता नीतीश कुमार बिशुनगंज में स्टूडियो चलाते हैं। पड़ोसियों ने बताया कि पिता ने खाना नहीं खाया था, जिससे उनकी सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा।

इधर सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि फिलहाल पूरा मामला फूड प्वाइजनिंग का ही प्रतीत हो रहा है। खाने में कौन सा चीज मिला हुआ था, यह जांच के ही स्पष्ट हो पायेगा। वहीं विशुनगंज ओपी अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पूरा मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत होता है। फिलहाल पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं। भोजन का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा की आखिर भोजन में क्या मिला था, जिसके कारण लोगों की यह दशा हुई है।

हालांकि खाना खाने के सवाल पर कुछ पड़ोसियों का यह भी कहना है कि घर में लोग रोटी सब्जी और टमाटर की चटनी खाए थे। उसके बाद से ही उन लोगों की तबीयत बिगड़ी है। उधर एक ही परिवार की दो बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है। सदर अस्पताल में परिजनों की चीख पुकार से माहौल काफी देर तक गमगीन रहा।