पटना

जहानाबाद: शादी में हर्ष फायरिंग से उत्पन्न हुआ विवाद, वर व वधु पक्ष में जमकर हुई मारपीट; बिना शादी रचाए दूल्हा व बराती हुए फरार


      • बारात में आए कई वाहनों को किया गया क्षतिग्रस्त
      • घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी

मखदुमपुर (जहानाबाद)। जिले के टेहटा ओपी क्षेत्र के धीराबिगहा गांव में सोमवार की रात शादी-विवाह का खुशनुमा माहौल हर्ष फायरिंग से रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। वहीं शान-शौकत दिखाने के चक्कर में चली गोली के छर्रे से वर व वधु पक्ष के कई लोग जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि दनादन हुई फायरिंग व गोली लगने की अफवाह से बवाल मच गया और दोनों पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इतना ही नही, गुस्साए लोगों ने बारात में आए आधा दर्जन से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इधर बवाल बढ़ता देख दूल्हा भी बिना विवाह रचाए बारातियों के साथ फरार हो गया। इस दौरान शादी-विवाह का माहौल अचानक से अफरा-तफरी के माहौल में बदल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन, तब तक सभी बाराती रफूचक्कर हो चुके थे। सुबह होते ही आसपास के इलाके में घटना की चर्चा जंगल की आग की तरह फैल गई।

दरअसल, टेहटा ओपी क्षेत्र के धीरा बिगहा गांव में सोमवार की रात जितेन्द्र यादव के घर विशुनगंज ओपी क्षेत्र के महादेव बिगहा गांव से स्व. सुखदेव यादव के पुत्र अंकित कुमार अपनी शादी के लिए बारात लेकर पहुंचा था। सबकुछ शान्तिपूर्ण तरीके से चल रहा था। वधू पक्ष व गांव के लोग बारातियों की खातिरदारी में जुटे थे। वधु पक्ष के साथ ही गांव के लोग भी समधी मिलन के लिए एक जगह जमा थे।

कहा जा रहा है कि इसी दौरान बारात में आये कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग कर दी जिसमें कई लोगों को गोली के छर्रे लग गए। छर्रा लगते ही वहां पर अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते बात बिगड़ गई और दोनो पक्ष में जमकर मारपीट होने लगी। इधर बढ़ते बाद विवाद को देखते हुए दूल्हा बिन दुल्हन के रफूचक्कर हो गया।

ग्रामीणों की मानें तो गोली के छर्रे से कई लोग जख्मी हुए हैं। लेकिन, सरकारी अस्पतालों में किसी के इलाज की कोई पुष्टि नहीं है। यहां केवल मारपीट में जख्मी लोग भर्ती मिले। घायलों में कमलेश कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, चितरंजन कुमार व राकेश कुमार शामिल है। सभी घायल महकार के समीप धनसिंगरा गांव के बताए जाते हैं। घायलों ने बताया कि वे लोग दूल्हे पक्ष की ओर से बाराती बन कर आए थे।

इधर टेहटा ओपी अध्यक्ष ने बताया कि मामलें को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दी गयी है। लेकिन, फिर भी घटना की जांच की जा रही है। हालांकि उन्होंने फायरिंग की घटना से इंकार किया है। बहरहाल, इंडियन आर्मी में कार्यरत अंकित कुमार जब बिन बियाहे घर लौटे तो यह बात पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा। दोनों गांव के ग्रामीणों की जुबान पर शादी में हुए विवाद को लेकर तरह तरह की चर्चाएं पूरे दिन होती रही। देर शाम तक दोनों पक्ष द्वारा शादी रचाने का प्रयास जारी था।