पटना

डिहरी नप के शिष्टमंडल ने की विप के सभापति व उप मुख्यमंत्री से मिलकर लंबित कई योजनाओं के लिए राशि की मांग


डिहरी ऑन सोन (रोहतास)(आससे)। डिहरी-डालमियानगर नगर परिषद के मुख्य पार्षद  विशाखा सिंह  द्वारा गत  19 जून को सशक्त स्थाई समिति के सदस्य धनंजय प्रसाद चौधरी उर्फ सोनू चौधरी एवं पार्षद संजीत कुमार सिंह को नगर परिषद क्षेत्र के लंबित योजनाओं को पूरा करने तथा नगर परिषद क्षेत्र को विकास में उच्चतम स्थान पर पहुंचाने के उद्देश्य से लंबित राशि की मांग करने के लिए उपमुख्यमंत्री सह मंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग तथा विधान परिषद सभापति अवधेश  नारायण सिंह  के पास शिष्टमंडल के रूप में भेजा गया।

जहां दोनों लोग अर्थात धनंजय प्रसाद चौधरी व संजीत कुमार सिंह ने पटना जाकर सभापति विधान परिषद अवधेश नारायण सिंह तथा उपमुख्यमंत्री सह मंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग तारकेश्वर प्रसाद के निवास स्थान पर मिले तथा नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए लंबित राशि की मांग की।

इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री व विधान परिषद सभापति को बताया कि वर्ष 2020-21 पंचम राज्य वित्त आयोग मद की राशि 3.49 करोड़, वर्ष 2020-21 पेशाकर की राशि 90.09 लाख एवं वर्ष 2020-21 मुख्यमंत्री शहरी नाली-गली पक्कीकरण निश्चित योजना मद की राशि 1.28 करोड़ लंबित राशि की मांग की। साथ ही 71.62 लाख की राशि नगर परिषद डेहरी- डालमियानगर शहरी क्षेत्र के विकास हेतु देने की मांग की।

शिष्टमंडल में उपस्थित संजीत कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि इन राशि से नगर परिषद क्षेत्र का चहुमुखी विकास संभव हो सकता है। जिस पर सभापति एवं उप मुख्यमंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया कि जल्द से जल्द यह राशि नगर परिषद डेहरी- डालमियानगर को दे दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने यह आश्वस्त किया कि  विकास संबंधित हर संभव मदद की जाएगी। जिस पर मुख्य पार्षद द्वारा सभापति एवं उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया गया है। मुख्य पार्षद द्वारा इस कार्य को लेकर सभी पार्षदों ने सराहना की है। साथ ही उपमुख्य पार्षद बिंदा देवी सहित सभी पार्षदों ने मुख्य पार्षद द्वारा किए गए इस कार्य के लिए धन्यवाद भी दिया है। इस दौरान विधान परिषद सभापति के प्रतिनिधि प्रकाश गोस्वामी भी मौजूद रहे।

बताते चलें कि डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के मुख्य पार्षद विशाखा सिंह ने जब से नगरपरिषद का कमान संभाली है तब से नगरपरिषद क्षेत्र में हर मोर्चे पर चहूमुखी विकास हुआ है। यह क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहने के साथ समय-समय पर सभी पार्षदों एवं पदाधिकारियों से सुझाव एवं सहयोग लेती रहती है।  इनकी कार्यकुशलता का ही देन है कि डेहरी- डालमियानगर नगर परिषद स्वच्छता में बिहार में अव्वल स्थान प्राप्त किया है।