पटना

दो हत्याओं ने दाउदनगर थाना का छीना चैन, तफ्तीश में जुटी पुलिस


दाउदनगर (औरंगाबाद) (आससे)। थाना क्षेत्र के धेवही और ठाकुर बिगहा में गुरुवार को सुबह हुई दो हत्याओं ने दाउदनगर थाना का चैन छीन लिया। दोनों हत्याओं की वजह प्रथम दृष्टया कहीं न कहीं आपसी विवाद माना जा सकता है। हालांकि घटना के बाद दाउदनगर थाना तफ्तीश की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, बावजूद मामले की असली वजह को क्लियर करने में थोड़ा वक्त लगेगा।

जानकारी के अनुसार धेवही गांव में पुत्र ने अपने पिता राम सिंहासन सिंह (61 वर्ष) की हत्या अपने ससुर और पत्नी के साथ मिलकर कर दी। बताया जा रहा है कि संपत्ति बंटवारे के विवाद में कलयुगी पुत्र ने लाठी डंडे से पीट-पीट कर इस दर्दनाक घटना को अंजाम दिया।

वहीं दूसरी घटना ठाकुर बिगहा में हुई, जहाँ एक किसान अरुण महतो (40 वर्ष) की हत्या अज्ञात अपराधियों ने पीट-पीट कर उस वक्त कर दी जब वह कुदाल लेकर सुबह खेत में कृषि कार्य के लिए गया था। मृतक ठाकुर बिगहा गांव का निवासी था। अपराधियों ने उसके चेहरा को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है।

वहीं इस घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने मुआवजे व अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर दाउदनगर-बारुण पथ पर घंटो बवाल किया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शव को अपने कब्जे में लिया। यहाँ एसडीपीओ राजकुमार तिवारी, पुलिस इंस्पेक्टर विजयेंद्र कुमार सिंह, एसआई अमरेंद्र कुमार ने मामले की छानबीन की।

एसडीपीओ ने पूछे जाने पर धेवही की घटना के बारे में बताया कि मामला घरेलू विवाद का है। इस घटना के तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि ठाकुर बिगहा वाली घटना में पुलिस अपराधियों के काफी करीब पहुँच चुकी है। मामले का उद्भेदन जल्द कर लिए जाने की संभावना है।