Latest News पटना बिहार

धर्मांतरण: मांझी ने कहा- जब अपने घर में सम्मान नहीं मिलता है तो लोग दूसरी जगह जाते हैं


  • गया। बिहार में कमजोर वर्ग के लोग तेजी से धर्मांतरण कर रहे हैं। वहीं इस मामले को लेकर प्रदेश की सियासत गरमायी हुई है। गया जिले के कई क्षेत्र में लोग हिंदू धर्म छोड़ ईसाई धर्म अपना रहे हैं। जिले के नैली पंचायत के दुबहल गांव के महादलित टोला सहित डोभी प्रखंड में मिशनरी प्रार्थना सभा में सैकड़ों लोग शामिल हो रहे हैं। इस बीच धर्मांतरण को लेकर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने धर्म के भीतर हो रहे भेदभाव को धर्मांतरण का प्रमुख कारण बताया है।

उन्होंने गया में मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब अपने घर में मान न मिले तो बदलाव होना स्वभाविक है। जीतन राम मांझी ने कहा कि धर्म को लेकर भेदभाव ही धर्मांतरण का प्रमुख कारण है। जब अपने घर में मान न मिले तो स्वभाविक है लोग दूसरे घरों में जाएंगे ही। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन से हिंदुस्तान की एकता पर कोई खतरा नहीं है क्योंकि यह धर्मनिरपेक्ष देश है। मन के मुताबिक धर्म पालन करना व प्रचार करने की आजादी है। ऐसे स्थिति में कौन कहां जा रहा है यह कोई समस्या का विषय मेरी समझ में नहीं है।