Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश

धार में शादी की दावत ने बिगाड़ी लोगों की सेहत, 100 से ज्यादा बीमार


धार, मध्यप्रदेश के धार जिले में एक शादी समारोह में खाना खाना लोगों को महंगा पड़ गया। धामनोद इलाके में हुई एक शादी में खाना खाने के बाद 100 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी में आए मेहमान शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे खाना खाकर अपने-अपने घर लौट गए। दोपहर करीब तीन बजे उन्हें उल्टी व पेट में दर्द होने लगा और शाम होते-होते उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत क्षेत्र के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

खाना खाने के बाद उल्टी-पेटदर्द की शिकायत

जानकारी के अनुसार जैसे ही शादी में खाना खाने के बाद लोग अपने घर पहुंचे उनको उल्टी व पेट दर्द होना शुरू हो गया। दर्द बढ़ने के बाद उनके परिवार ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं धामनोद के शासकीय अस्पताल में ज्यादा संख्या में फूड प्वाइजनिंग के मरीज आने की जानकारी मिलते ही कई अधिकारी वहां पहुंचे और लोगों का हाल जाना। बीएमओ ब्रह्मा राज कौशल ने बताया कि सभी की तबीयत ठीक है और कोई भी गंभीर रूप से बीमार नहीं है।

jagran

20 लोग अस्पताल में भर्ती

धामनोद के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ बी आर कौशल ने कहा कि लगभग 20 लोगों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था और अन्य को विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। बीएमओ कौशल ने कहा कि मरीज इलाके के एक शादी समारोह में शामिल हुए थे जिसमें खाना खाने के बाद उन्हें उल्टी होने लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और वे खतरे से बाहर हैं।