पटना

नालंदा में होली का सामान खरीद रहे लोंगो को ट्रक ने कुचला, 7 की मौत; 50 घायल


राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतक के परिजनों को 4-4 लाख की घोषणा

पटना। बिहार के नालंदा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर 7 लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस दर्दनाक हादसे पर बिहार के राज्यपाल फागु चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा है।

ये सड़क हादसा नालंदा के तेलहड़ा थाना क्षेत्र में आने वाले तेलहड़ा बाजार में हुआ। रविवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने 7 लोगों को कुचल दिया। दरअसल, होली का सामान खरीदने की वजह से बाजार में भीड़ भी थी। इस हादसे में मारे गए सभी लोग होली का सामान खरीदने बाजार आए थे। तभी एक अनियंत्रित ट्रक एक दुकान की तरफ से घुसता चला आया और सभी को रौंद दिया। इससे 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बिहार में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए पिछले महीने बिहार सरकार ने एक अहम फैसला लिया था। सरकार ने सड़क दुर्घटना में दोषी पाए जाने पर ड्राइवर का लाइसेंस और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन रद्द करने का फैसला लिया था। हो सकता है कि इस मामले में भी ट्रक ड्राइवर का लाइसेंस रद्द कर दिया जाए। बिहार में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। पिछले महीने ही कटिहार में एक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी।