Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

पंजाब सरकार की बड़ी घोषणा, विद्यार्थियों के लिए बस सेवा मुफ्त, सीएम चन्नी खुद रोडवेज चलाकर पहुंचे


चंडीगढ़। FREE Bus Service for Students: पंजाब की चरणजीत सिंह चन्नी सरकार ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक और लोकलुभावन घोषणा की है। सीएम ने राज्य के सभी विद्यार्थियों को मुफ्त बस सेवा देने का एलान किया है। पंजाब में महिलाओं के लिए पहले से ही बस सेवा मुफ्त है। सीएम ने आज पंजाब रोडवेज व पीआरटीसी के बेड़े में 58 नई बसें शामिल की। सीएम चन्नी ने खुद बस चलाकर नई बसों को रवाना किया। उनके साथ ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी शामिल रहे।

पंजाब सरकार ने आज पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के बेड़े में 58 नई बसें शामिल कर दी हैं। इन तीनों सरकारी और अर्ध सरकारी कंपनियों में 842 बसों को शामिल किया जाना है, जिसकी शुरुआत आज मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने खुद बसें चलाकर नई बसों को रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले केवल महिलाओं को निशुल्क बस सफर की सुविधा हासिल थी, लेकिन आज से सभी कॉलेजों के विद्यार्थियों को यह सुविधा प्रदान कर दी गई है, ताकि उन्हें अपनी पढ़ाई कालेज दूर होने के कारण बीच में न छोड़नी पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले पंजाब में ट्रांसपोर्ट माफिया चलने के कारण सरकार की बसें घाटे में चल रही थीं। हमारे ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने माफिया को तोड़ दिया है। हमारी आमदनी एक करोड़ रुपये रोजाना की आमदनी बढ़ी है, जिससे हम नई बसें खरीदने में सक्षम हुए हैं। खुद बस चलाकर नई बसों को रवाना करने से पूर्व एक पुराने गाने को नए रूप में पेश करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा,आ गई रोडवेज दी लारी, सोहणा बुहा, सोहणी बारी, कर ली लंबे सफर दी तैयारी।