पटना

पटना: कृषि विभाग में 231 पदाधिकारियों की नियुक्ति शीघ्र


पटना (आससे)। कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि कृषि विभाग में राजपत्रित पदाधिकारियों की कमी अब नहीं रहेगी। बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा २३१ अनुमंडल कृषि पदाधिकारी/उप परियोजना निदेशक, आत्मा/ सहायक निदेशक (शष्य) एवं समकक्ष के पदों पर नियुक्ति हेतु सफल घोषित उम्मीदवारों की अनुशंसा कृषि विभाग को भेज दी गयी है। इन २३१ उम्मीदवारों के चारित्रिक जांच प्रक्रियाधीन है।

शैक्षणिक प्रमाण-पत्र का सत्यापन एवं चारित्रिक जांच के उपरांत इन्हें विभाग द्वारा नियुक्ति पत्र शीघ्र प्रदान किया जायेगा। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा ८९ अनुमंडल कृषि पदाधिकारी/उप परियोजना निदेशक, आत्मा/सहायक निदेशक (शष्य) एवं समकक्ष के रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए अधियाना बिहार लोक सेवा आयोग को भेजी गयी है। शीघ्र ही इन रिक्त ८९ राजपत्रित पदाधिकारियों की नियमित नियुक्ति होगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में कृषि विभाग द्वारा इस वित्तीय वर्ष में राजपत्रित पदाधिकारियों की सीधी नियुक्ति की जा रही है। ज्ञातव्य हो कि सरकार द्वारा कृषि विभाग के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी/उप परियोजना निदेशक, आत्मा/सहायक निदेशक (शष्य) एवं समकक्ष पदों पर इसके हपले वर्ष १९९० में राजपत्रित स्तर के पदाधिकारियों के रूप में सीधी नियुक्ति की गयी थी।

श्री सिंह ने बताया कि कृषि विभाग के बिहार कृषि सेवा कोटि-७ (उद्यान) के मूल कोटि के पद पर पूर्व में ३६ सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारियों को किया गया है। इसके पहले कृषि विभाग में बिहार कृषि सेवा कोटि-२ (कृषि अभियंत्रण) संवर्ग के ५५ सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारियों, बिहार कृषि सेवा कोटि-५ (पौधा संरक्षण) संवर्ग के ३४ सहायक सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारियों को अक्टूबर माह एवं बिहार कृषि सेवा कोटि-३ (रसायन) संवर्ग के ४१ सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारियों को दिसम्बर, २०१९ में नियुक्ति पत्र दिया गया था। कृषि विभाग में १६६ राजपत्रित पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है।