पटना

पटना: कैट दे रहा फ्री ऑक्सीजन सिलेंडर इस नंबर पर करें संपर्क


पटना (निप्र)। बिहार में ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स के पास सोमवार से 25 आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हो गया है। कोरोना पीडि़तों के लिए यह आक्सीजन सिलेंडर फ्री है। बिना किसी भुगतान के जरूरतमंद ये सिलेंडर ले जा सकते हैं। 7033586581 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग की जा सकती है।

इससे जुड़ी जानकारी देते हुए कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बिहार अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि 7 मई को उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के साथ कैट का वर्चुअल संवाद हुआ था। इसमें मंत्री की ओर अपील की गई थी कि कोरोना पीडि़तों की मदद में व्यवसायी भी आगे आएं। इसके बाद तत्काल कैट से जुड़े सदस्यों के बीच भी एक वर्चुअल संवाद हुआ। इसमें कोरोना पीडि़तों के बीच आक्सीजन सिलेंडर वितरण करने पर सहमति बनी।

अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि अब तक 25 ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हो गए हैं। सोमवार से ही कोरोना पीडि़तों के बीच इसे उपलब्ध कराने की सेवा भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आगे सिलेंडर की संख्या और बढ़ाने की भी कोशिश जारी है जिससे अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने कहा किजो व्यक्ति ऑक्सीजन सिलेंडर ले जाएंगे उन्हें उपयोग करने के बाद तुरंत खाली सिलेंडर लौटाना होगा जिससे अन्य कोरोना पीडि़तों की भी मदद की जा सके।

अशोक वर्मा ने कहा कि 7033586581 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग की जा सकती है। इसके अलावा वैसे लोग जो कोरोना से पीडि़त हैं, और उन्हें भोजन नहीं मिल पा रहा है, वे कैट के भोजन वितरण केंद्र से भोजन ले जा सकते हैं। अगर भोजन ले जाने में भी परेशानी है तो उनके घर तक भोजन पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।