पटना

पटना: गांवों को सशक्त बनाने के लिए केन्द्र-राज्य सरकारें संकल्पित : शेखावत


पटना (आससे)। अर्बन पॉलिटिक्स संस्था के तत्वावधान में राजधानी के स्थानीय होटल में बिहार ग्राम संसद का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन करते हुए केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि गांव देश की आत्मा है और ग्राम संसद यानी ग्राम पंचायत लोकतंत्र की सबसे मजबूत जड़ है।

गांव को सशक्त बनाने के लिए केन्द्र एवं बिहार सरकार संकल्पित है। इस अवसर पर केन्द्रीय पशु एवं मत्स्य मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गांव के विकास को एनडीए सरकार ने प्राथमिकता दी है। गांव तक विकास की रोशनी को पहुंचाया गया है।

इस अवसर पर पंचायतीराज मंत्री, बिहार सरकार सम्राट चौधरी ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में राज्य के सभी पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर शुरू कर दिया जायेगा। २००० पंचायत सचिवों की नियुक्ति की जायेगी। अब तक १३०० पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो चुका है। २००० पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि गांवों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के साथ-साथ कचरा प्रबंधन का कार्य भी किया जायेगा। स्थानीय विकास के लिए राज्य के सभी पंचायतों के प्रत्येक वार्ड में १२ लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है।

उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बताया कि बहुत जल्द कैबिनेट में इथनॉल पर नीति बनायी जायेगी। ५५ एकड़ जमीन इंडस्ट्री लगाने के लिए दिया गया है। जिससे ५०० लोगों को प्रत्यक्ष एवं १००० लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। स्वरोजगार करनेवालों के लिए राज्य स्तर पर एक अलग नोडल विभाग बनाया जायेगा। जिससे उनकी सारी कठिनाइयां दूर हो सकें और वे अपना उद्योग लगा सकें। कार्यक्रम में अन्य मंत्रियों एवं नेताओं ने भी अपना मत व्यक्त किया।