पटना

पटना: जदयू जात की नहीं, जमात की पार्टी : आरसीपी


(आज समाचार सेवा)

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से जदयू में शामिल होने वाले विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने मुलाकात की। इनमें नवादा से भारतीय सबलोग पार्टी के पूर्व प्रत्याशी तथा नवादा बीस सूत्री के पूर्व उपाध्यक्ष इन्द्रदेव प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में भारतीय सबलोग पार्टी के नेतागण, बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश त्यागी के नेतृत्व में बसपा के नेतागण और रालोसपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मोइनउद्दीन हुसैन शामिल हैं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, पूर्व विधायक निरंजन मेहता तथा जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डा. अमरदीप उपस्थित रहे।

इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न दलों से एक साथ इतने नेताओं का जदयू में आना प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वे सभी अपने-अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नेता हैं और इन सबके आने से जदयू को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जदयू एकमात्र पार्टी है जिसने समाजवादी संस्कारों और विचारों को जिन्दा रखा है।

जदयू जात की नहीं, जमात की पार्टी है। हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों का एक समान विकास किया है। विकसित बिहार का सपना देखने वाले सभी लोगों का जदयू परिवार में स्वागत है।

इससे पूर्व जदयू मुख्यालय, पटना में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के समक्ष बड़ी संख्या में तीनों पार्टियों के नेताओं ने जदयू की सदस्यता ली। इस समारोह का संचालन प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने किया, जबकि पूर्व विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, पूर्व विधायक ललन पासवान, पूर्व विधायक प्रभुनाथ राम तथा जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डा. अमरदीप उपस्थित रहे।

ध्यातव्य है कि भारतीय सबलोग पार्टी से जदयू में शामिल होने वाले लोगों में नवादा से भारतीय सबलोग पार्टी के पूर्व प्रत्याशी तथा नवादा बीस सूत्री के पूर्व उपाध्यक्ष इन्द्रदेव प्रसाद कुशवाहा, नवादा भासलोपा के प्रखंड अध्यक्षगण तथा कई नेता शामिल हैं।