पटना

पटना: जदयू ने घोषित किये एमएलसी प्रत्याशियों के नाम


      • पुराने चेहरे पर लगाया दांव
      • गया, नालंदा व सीतामढ़ी की सीट महिलाओं को

(आज समाचार सेवा)

पटना। जदयू ने मंगलवार को स्थानीय प्राधिकार कोटे के तहत 11 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम का मंगलवार को ऐलान कर दिए। पार्टी प्रदेश कार्यालय में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय झा तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की।

एनडीए में सीटों के विभाजन के तहत जदयू को ग्यारह सीटें मिली हैं। इनमें जदयू ने तीन सीट महिलाओं को दी है। इनमें गया से मनोरमा देवी, नालंदा से रीना यादव तथा सीतामढ़ी-शिवहर से रेखा कुमारी को टिकट दिया गया है। मनोरमा देवी व रीना यादव जदयू की विधान पार्षद रही हैं।

जदयू ने अपने पुराने रणबांकुरे पर ही दांव लगाया है। इनमें कई पहले भी जदयू के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। पटना से वाल्मीकि सिंह, नवादा से सलमान रागिब, भोजपुर-बक्सर से राधाचरण साह, पश्चिमी चंपारण से राजेश राम, मुजफ्फरपुर से दिनेश प्रसाद सिंह, मुंगेर-जमुई-लखीसराय एवं शेखपुरा से संजय प्रसाद, भागलपुर-बांका से विजय कुमार सिंह व मधुबनी से विनोद कुमार सिंह को जदयू ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने प्रत्याशियों की घोषणा के मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्य करने व बात करने की एक प्रणाली एक है। महिलाओं को जितनी संख्या में टिकट जदयू ने दिया है उससे यह बात साफ होती है। इसी तरह जातिगत आधार पर लोगों को आगे लाने में जदयू यह नहीं देखता कि किसने हमें वोट दिया है और किसने नहीं। अपने लोगों को आगे बढ़ाना ही ध्येय है।

जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि इस चुनाव में एनडीए पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेेगा। इस चुनाव में महिला प्रतिनिधियों का बड़ा योगदान होगा। सौ फीसद महिलाएं नीतीश कुमार के साथ हैं। संवाददाता सम्मेलन में जदयू विधान पार्षद संजय कुमार सिंह व मृत्युंजय कुमार सिंह भी मौजूद थे।