पटना

पटना: डीएम और एसएसपी के आश्वासन के बाद एनएमसीएच के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म


पटना। एनएमसीएच जहां जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त हो गयी है। पटना डीएम चंद्रशेखर और एसएसपी उपेन्द्र शर्मा के आश्वासन के बाद डॉक्टर काम पर लौट आए हैं। डीएम और एसएसपी ने इनकी पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है। इनके आश्वासन के बाद ही जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल वापस लिया है।

9 घंटे बाद जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हुई है। हड़ताल खत्म होने से कोरोना मरीजों को राहत मिली है। डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर दो शिफ्ट में सुरक्षाकर्मी की तैनाती की गयी है। इसके साथ अस्पताल में करीब 150 प्राइवेट गार्ड है। सरकारी सुरक्षाकर्मी और प्राइवेट गार्ड दोनों मिलकर डॉक्टर और अस्पताल की सुरक्षा करेंगे।

बता दें कि पिछले 24 घंटे से हड़ताल के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमारा गयी थी। जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के कारण अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 24 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे में दो दफा अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट करने की बात सामने आ रही थी।

इसको लेकर जूनियर डॉक्टरों में आक्रोश था। उनका कहना था जबतक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती तब तक वो लोग काम पर नहीं लौटेंगे। जूनियर डॉक्टरों की मांग का अस्पताल अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने समर्थन किया था। उधर आईएमए ने भी पुलिस प्रशासन से जल्द सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।

बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा में 60 पुलिसकर्मियों की मांग की गयी है। लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से 2 से 4 पुलिसकर्मियों को लगा दिया गया था। पुलिस के इस रवैये से जुनियर डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन काफी खफा थे।