पटना

पटना नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के विकास पर खर्च होंगे एक करोड़


(आज समाचार सेवा)

पटना। पटना नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत प्रत्येक वार्ड के विकास मद में एक करोड़ रुपए राशि व्यय की जाएगी। सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिए गए निर्णय में नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने बताया कि विभिन्न वार्डो में बढ़ते हुए शहरीकरण एवं आम नागरिकों की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए पटना नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत सभी वार्ड पार्षदों को निगम मद से एक एक करोड़ रुपए अंतर्गत योजनाओं का चयन प्राथमिकता के आधार पर करने की स्वीकृति प्रदान की गयी है।

यह राशि जनवरी से दिसंबर 2021 तक निगम मद में होल्डिंग टैक्स एवं अन्य मदों से प्राप्त होने वाली राशि से दी जाएगी। पटना नगर निगम के सभी अंचलों में साढ़े सात लाख तक की योजनाओं में सभी कार्यपालक पदाधिकारी को प्रशासनिक स्वीकृति देने के लिए प्राधिकृत किया गया है। कार्यपालक पदाधिकारी प्रशासनिक स्वीकृति देने के पश्चात योजनाओं की प्रविष्टि ई-बिल के सॉफ्टवेयर पर करेंगे जहां उसका अनुमोदन नगर आयुक्त करेंगे।

पटना नगर निगम के मुख्य कार्यालय तथा सभी सर्किल कार्यालयों में अगले पांचा साल तक विडियो कांफ्रेसिंग संबंधित सभी उपकरणों की आपूर्ति एवं अधिष्ठापन पर दो करोड़ बीस लाख रुपए राशि व्यय किए जाएंगे। सशक्त स्थायी समिति की बैठक में मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर मीरा देवी, सशक्त स्थायी समिति सदस्य डा आशीष कुमार सिन्हा, इन्द्रदीप चंद्रवंशी सहित अन्य पार्षद भी उपस्थित थे।