पटना

पटना: नीतीश के जन्मदिन पर कटा 70 पाउंड का केक


पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल 70वां जन्मदिन था। अपने लोकप्रिय जदयू नेता का पार्टी के नेता और कार्यकर्ता धूमधाम से मना रहे हैं। पूरे प्रदेश में सीएम का जन्मदिन विकास दिवस के रूप में मनाया गया। इधर पटना में जदयू कार्यालय के कर्पूरी सभागार में नीतीश कुमार के जन्मदिन के अवसर पर महिला जदयू मंत्री, विधायक, नेता और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 70 पाउंड का केक काटा।

70वां जन्मदिन के मौके पर सीएम नीतश को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ था। नीतीश के जन्मदिन के मौके पर जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से पटना की सडक़ों पर कई बैनर और पोस्टर लगाये गये थे। नीतीश के जन्मदिन पर उन्हें कई हस्तियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी। वहीं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नीतीश सरकार पर हमलावर तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया है कि- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को उनके 70वें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ, सुखी और दीघार्यु जीवन की कामना करता हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम नीतीश के जन्मदिन पर बधाई देते हुए ट्वीट किया है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में बिहार में एनडीए सरकार राज्य के विकास के लिए कई उपाय कर रही है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना।

वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी रहे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने बधाई देते हुए ट्वीट किया कि जन्म दिन की बहुत बहुत बधाई। स्वस्थ रहकर लम्बे समय तक देश और बिहार की सेवा करते रहें। बिहार आपके योगदान को हमेशा याद रखेगा।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने सत्ता साझीदार नीतीश को ट्वीट कर शुभकामनाएं देते हुए लिखा- आधुनिक बिहार के शिल्पकार, बिहारियों के मान-सम्मान, सबके चहेते माननीय मुख्यमंत्री। नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। आपकी मुस्कान बरकरार रहे, यही कामना है।

जदयू के अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया कि- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं ढेर सारी शुभकामनाएं।

विधानसभा ने दी जन्मदिन की बधाई

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ७० वीं जयंती पर विधानसभा ने बधाई और शुभकामनाएं दी। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री के सदन पहुंचने का इंतजार करने लगे। एक मौके पर एक सदस्य ने विधानसभा की ओर से मुख्यमंत्री को जन्म दिन की बधाई देने की मांग की। विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हम भी मुख्यमंत्री जी के आने का इंतजार कर रहे हैं।

प्रश्नोत्तर काल के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री सदन पहुंचे तो र्संपूर्ण सदन की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके ७० वें जन्म दिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने उनके उज्जवल राजनीतिक भविष्य की कामना की। वहीं राजद के भाई वीरेंद्र ने भी मुख्यमंत्री को महागंठबंधन की ओर से जन्म दिन की बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि हम मिठाई का इंतजार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तपाक से कहा कि आप ही मेरी ओर से सदस्यों को मिठाई खिला दें।