पटना

पटना: बेटियों को बिहार में पंख देने की है जरूरत : तारकिशोर


  • घरेलू हिंसा रोकने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए संगीता हुई सममानित
  • भाजपा के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम में जुटीं महिला कार्यकर्ता

पटना (आससे)। बिहार में बेटियों को पंख देने की जरूरत है। ये बातें शनिवार को उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कही। वे भाजपा के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बेटियों ने हर क्षेत्र में अपने कार्यों से अलग पहचान बनायी है। संघर्ष से शिखर तक पहुंचने में वह कामयाब रही है। बिहार की बेटियां शिक्षा, चिकित्सा, खेल और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में तो सूबे की बेटियों ने नाम रौशन किया है।

डिप्टी सीएम रेणु देवी ने कहा कि देश की बेटियों पर हम सभी को नाज है। देश के तीनों सेनाओं के महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं ने परचम लहराया है। बिहार सरकार द्वारा जीविका के माध्यम से १० लाख महिलाएं अत्मनिर्भर बन रही हैं। भाजपा ने पहली बार बिहार में महिला को उप मुख्यमंत्री बना कर ऐतिहासिक काम किया। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की राष्ट्रीय प्रभारी विभा उरांव ने कहा कि बेटियां जीवन की शुभकामनाएं हैं। नमो जब पीएम बने, तो उन्होंने बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ की बात की। उन्होंने कहा कि बेटियों को अवसर देने की जरूरत है, वह हर क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए तत्पर है।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि हेल्थ सेक्टर में महिलाओं ने कोरोना काल में साहस और धैर्य का परिचय दिया। महिला चिकित्सक व कर्मचारियों ने जान की परवाह किये बिना लोगों की सेवा की और लाखों लोगों की जान बचायी। रीता शर्मा ने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं के माध्यम से महिलाओं को जागरूक क रही है। महिलाओं के माध्यम से लोगों को विकास कार्यक्रमों से अवगत कराया जा रहा है। कोरोना काल में महिलाओं ने घर-घर मास्क बांटने का काम किया।

बैठक में अर्चना ठाकुर संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, शिवनारायण महतो, सांसद सुशील मोदी, राम कृपाल यादव, विधायक अरुण सिन्हा, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, पिंकी कुशवाहा, अमृता भूषण, पूनम शर्मा, सजय झा, सिद्धार्थ शंभू, अच्रना ठाकुर, अनामिका शंकर, संगीता सिंह, ओम प्रकाश भुवन, विजय कुमार यादव, रीतेश रंजन, सीमा वर्मा, रत्ना पांडेय, सुजीत मिश्रा, संध्या सिंह, रवीन्द्र कुमार सिंह, श्रवण चौधरी, ज्योति प्रकाश, सीमा पांडेय, रानी झा और दिलीप मिश्रा सहित सभी जिलों के संयोजक और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मौजूद थे।

बैठक में कोरोना काल, महिलाओं के घरेलु हिंसा और सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ की मीडिया प्रभारी डा. संगीता सिंह को सम्मानित किया गया। उन्हें डिप्टी सीएम रेणु देवी ने सम्मानित किया।