पटना

पटना में गिरा पारा, छाया कोहरा


बर्फीली हवाओं से पूरे बिहार में कोल्ड डे के हालात

(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार में ठंड का कहर लगातार जारी है। पटना सहित कई भागों में कोल्ड डे की स्थिति है। राज्य में सर्वाधिक ठंड गया में पड़ रही है। अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे। राजधानी पटना में ठंडी हवा के चलते ठिठुरन की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित राज्य के अधिकांश भागों में 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही हैं। अगले कुछ दिनों तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। इससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

सोमवार को राजधानी एवं इसके आसपास का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान अपने सामान्य स्तर से दो डिग्री नीचे रहा। बादलों के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट से राज्य में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। अगले दो दिनों में एक से दो डिग्री तापमान गिर सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क होने के साथ पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में कोहरा छाया रहा। राज्य में पूर्णिया जिले में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस गया में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। इससे बर्फीली हवा चल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार कोहरे के कारण धूप ठीक ढंग से नहीं पहुंच रही है। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति के साथ कोहरा छाया रहेगा। इस बीच पटना में रात नौ बजे से ही कोहरा गिरना प्रारंभ हो गया जिसके कारण लोग अपने घरों में दुबके रहे। लोग दिन भर जगह-जगह आग तापते रहे।

सोमवार को आईएमडी ने पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और छपरा में कोल्ड डे घोषित कर दिया। मंगलवार को प्रदेश के 26 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट घोषित किया गया है। पूरे प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है।

बच्चे और बूढ़ों को खुले में घूमने से परहेज करने ने की सलाह दी गयी है। आईएमडी, पटना की तरफ से दी गयी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखमीपुर, नवादा,पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, पूर्व चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद और अरवल में मंगलवार को कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

सामान्य तौर पर खेतीबारी के लिहाज से यह मौसम अच्छा है। हालांकि, किसानों को कुछ खास एहतियाती उपाय करने चाहिए। डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पुसा के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ ए सत्तार ने बताया कि खड़ी फसल में नमी बनाये रखने के लिए हल्की सिंचाई करें। इससे फसल पर शीत का असर नहीं पड़ेगा। खासतौर पर इन दिनों कीट से बचाव की जरूरत है। इसके लिए उन्हें उपाय करते रहने चाहिए।