पटना

पटना: शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों की नियुक्ति जल्द


पदों के उप आवंटन कार्य की स्थिति की आज समीक्षा

      • विशेष चक्र की काउंसलिंग की तैयारियों का भी लिया जायेगा जायजा

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य के मिडिल स्कूलों में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की बहाली जल्द होगी। इसके लिए शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के सृजित हुए 8,386 पद जिलों को आवंटित किये जा चुके हैं।

पदों के उप आवंटन की समीक्षा शिक्षा विभाग के अपर मुख्यसचिव संजय कुमार द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जायेगी। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के पदों के उप आवंटन की स्थिति के साथ ही छठे चरण की प्रारंभिक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए 14 मार्च से 16 मार्च तक होने वाली विशेष चक्र की काउंसलिंग की तैयारी, 34540 कोटि के प्रारंभिक शिक्षकों के प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन एवं नियुक्ति पत्र वितरण हेतु लंबित मामलों की समीक्षा भी होगी। इस बाबत प्राथमिक शिक्षा निदेशक रवि प्रकाश द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को निर्देश दिये गये हैं।

आपको याद दिला दूं कि राज्य के मिडिल स्कूलों में 8,386 सृजित पदों पर शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की नियुक्ति होनी है। इसके लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति तथा राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा ली गयी परीक्षा में उत्तीर्ण 3,523 अभ्यर्थी पहले चरण में शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के पद पर उन मिडिल स्कूलों में बहाल होंगे, जो प्लस-टू स्कूल के रूप अपग्रेड हुए हैं। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की बहाली उन मिडिल स्कूलों में होनी है, जिसमें बच्चों की संख्या 100 या उससे अधिक होगी। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों को प्रतिमाह 8,000 रुपये नियत वेतन के रूप में मिलेंगे। इसके साथ ही उन्हें 200 रुपये की वार्षिक वेतनवृद्धि का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के पद अंशकालिक हैं।

बहाली में पंचायतीराज एवं नगर निकाय संस्था अंतर्गत प्रारंभिक विद्यालय शिक्षक की नियुक्ति में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्धारित आदर्श रोस्टर बिंदु प्रभावी होगा। चूंकि, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के पदों पर नियुक्ति का यह प्रथम चरण होगा, इसलिए प्रारंभिक विद्यालयों में शिक्षक के पद नियुक्ति हेतु पूर्व से निर्धारित आदर्श रोस्टर बिंदु एक से प्रारंभ होगा। प्रारंभिक विद्यालय में शिक्षक की नियुक्ति की भांति ही नगर नियोजन इकाई एवं प्रखंड नियोजन इकाई को समेकित करते हुए जिला का एक रोस्टर पंजी होगा। नियुक्ति हेतु समय सारणी प्राथमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा तय होगा।