पटना

पटना समेत 11 जिलों में हीट वेब की चेतावनी


पटना (आससे)। मौसम की आंखमिचौनी के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव लोगों के लिए भी पहेली बना हुआ है। मंगलवार को राजधानी में सुबह नौ बजे तक बादल व हवा के ठंडे झोंके मौसम को सुहाना बना रहा, लेकिन दोपहर में तल्ख धूप से तापमान में वृद्धि हो गई। उधर, मौसम विभाग ने गुरुवार से पटना सहित 11 जिलों में हीट वेब की चेतावनी जारी की है।

वहीं बुधवार को रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, भोजपुर और बक्सर जिले में हीट वेब की स्थिति रहेगी। जबकि गुरुवार से राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान में वृद्धि होगी। गुरुवार को राज्य के 11 जिलों रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, भोजपुर, बक्सर, पटना, नालंदा, शेखपुरा, अरवल और नवादा जिले में हीट वेब रहने की संभावना है।

वहीं, मौसम में उतार चढ़ाव को मौसमविद जलवायु परिवर्तन से भी जोडक़र देख रहे हैं। गर्मी में अधिक गर्मी का रिकॉर्ड भी इस सीजन में टूटने की संभावना है। मंगलवार को राजधानी का तापमान सोमवार की तुलना में 1.6 डिग्री बढ़ गया। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रहा। जबकि राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान औरंगाबाद में दर्ज किया किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।