पटना

बोचहां उपचुनाव में पड़े 59.20 प्रतिशत वोट


13 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद, 16 को मतगणना

पटना (आससे)।  जिले की बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को वोट डाले गए। धूप और गर्मी के बाद भी 59.20 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्ण रहा। महिलाओं ने भी उत्साह से वोट डाले। इस तरह 13 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। वोटों की गिनती 16 अप्रैल को आरडीएस कालेज में बने मतगणना केंद्र में होगी। मुख्य मुकाबला भाजपा, राजद और वीआइपी उम्मीदवारों में है।

मालूम हो कि वीआइपी विधायक मुसाफिर पासवान के निधन से यह सीट खाली हुई थी। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। माक पोल के दौरान पांच बूथों की ईवीएम व दो वीवीपैट में गड़बड़ी पाई गई। उसे तत्काल बदलकर चुनाव शुरू कराया गया। वहीं चुनाव के दौरान चार बूथों की ईवीएम एवं सात वीवीपैट में खराबी आई। शिकायत के बाद उसे बदला गया। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया।

विधानसभा आम चुनाव 2020 की तुलना में उपचुनाव में कम वोट पड़े। आम चुनाव में यहां 65.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2.90 लाख वोटर वाली विधानसभा के उपचुनाव में छह प्रतिशत कम वोट पड़े। इस तरह आम चुनाव में वोट डालने वाले करीब 17 हजार मतदाताओं ने उपचुनाव में भाग नहीं लिया। 350 बूथों पर वोट डाले गए। इनमें से 54 बूथों पर सिर्फ महिला कर्मियों को लगाया गया था। सभी बूथों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी। पहले दो घंटे में 11 प्रतिशत वोट डाले गए। यही रफ्तार शाम छह बजे मतदान की समाप्ति तक बनी रही। वैसे मुख्य मुकाबला भाजपा, वीआइपी व राजद के बीच माना जा रहा है।