Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

पीएम की सुरक्षा चूक : स्मृति ईरानी बोलीं, सोनिया गांधी ने स्वीकारा कांग्रेस की प्रदेश सरकार है दोषी


नई दिल्ली। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। गुरूवार को सोनिया गांधी ने पीएम की सुरक्षा में दोषियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री ईरानी ने कहा कि देर से जागी ये राजनीतिक आत्मा, जो देश का आक्रोश देख रही थी। जनता की प्रार्थना, जनता की चिंता को देखकर सोनिया गांधी का ये कथन सामने आया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कम से कम सोनिया गांधी ने इस बात को स्वीकारा की दोषी कांग्रेस की प्रदेश सरकार और प्रशासन है। कहीं ऐसा तो नहीं मोहरे को इस प्रकार का आदेश देकर परिवार ने अपना पल्ला झाड़ लिया है।

बता दें कि बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी को पंजाब के फिरोजपुर में कई योजनाओं की शुरुआत करनी थी। इसके लिए प्रधानमंत्री बठिंडा तक पहुंच गये थे। लेकिन, उनके काफिले को एक ओवरब्रिज पर करीब 20 मिनट तक रोके रखा गया। इसके बाद पीएम मोदी का काफिला सुरक्षा की कई खामियों को लेकर रैली स्थल की ओर जाने के बजाय वापस लौट गया।

गौरतलब है कि पंजाब में पीएम मोदी के काफिले पर हुई सुरक्षा के चूक को लेकर राजनीति तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े नेताओं ने इस मुद्दे पर पंजाब सरकार से सीधे सवाल खड़े किए हैं। वहीं, गुरुवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भाजपा ने आज पीएम मोदी की दीर्घ आयु को लेकर मृत्युंजय जाप किया। झारखंड और पंजाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम मशाल यात्रा भी निकाली।