जौनपुर

पूर्व विधायकके परिजनोंसे मिले अखिलेश यादव


पार्टीसे जुड़े अन्य चार कार्यकर्ताओंके परिवारवालोंसे भी मिले, कार्यकर्ताओंमें भरा जोश

जौनपुर (का.सं.)। सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार की दोपहर में जिले में पहुंचे। सबसे पहले पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद यादव के निधन पर उनके आवास मछलीशहर जमालपुर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त किए। इसके बाद पुलिस अभिरक्षा में मृत किशन यादव उर्फ कृष्णा के स्वजनों से मुलाकात कर उनके आंसू पोछते हुए पांच लाख की आर्थिक सहायता दी। यहां से वह पूर्व विधायक हाजी अफजाल के आवास मीरमस्त पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

अखिलेश यादव ने पूर्व विधायक हाजी अफजाल के मीरमस्त स्थित आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हाजी अफजाल ने जौनपुर में समाजवादी पार्टी की मजबूती के लिए हमेशा काम किया। वे अच्छे वक्ता थे। उनके दौर में समाजवादी पार्टी में बहुत से कार्यकर्ता जुड़े। उन्होंने हमेंशा संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी हमेशा हाजी अफजाल की तारीफ किया करते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव का काफिला सबसे पहले दोपहर 2.15 बजे सड़क मार्ग से जमालपुर (धोरहा) गांव स्थित पूर्व विधायक स्वर्गीय ज्वाला प्रसाद यादव के घर पहुंचा। जहां पर्व विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद उनकी पत्नी जड़ावती देवी व स्वजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। उनके बेटे विकास यादव, विशाल यादव, विवेक यादव को सांत्वना देते हुए पूर्व विधायक को अपने परिवार का करीबी बताया। जहां मछलीशहर विधायक जगदीश सोनकर, शाहगंज विधायक ललई यादव, जय हिंद यादव, केपी यादव, लल्लू गुरु व राजनारायण बिंद आदि मौजूद रहे। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मखमेलपुर गांव निवासी निवर्तमान प्रधान राजकुमार यादव, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के उडली गांव निवासी लालजी यादव के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली। सपा कार्यकर्ता कपिलदेव यादव के आकस्मिक निधन पर उनके पुत्र संघर्ष यादव का हौसला बढ़ाया। इसके पूर्व पुलिस अभिरक्षा में मृत किशन यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय, पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सिंह, पूर्व सांसद रामचरित्र निषाद, मल्हनी विधायक लकी यादव, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व विधायक ओम प्रकाश बाबा दुबे, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव, डाक्टर केपी यादव, राहुल त्रिपाठी, राजनाथ यादव, जेपी यादव, विकास यादव आदि प्रमुख रहे।