जौनपुर

प्रखर विचारक थे पंडित दीनदयाल उपाध्याय


खरका स्थित पार्कमें मूर्ति पर भाजपाजनोंने किया माल्यार्पण

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में गुरूवार को खरका कालोनी स्थित पार्क में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण कर के भाजपा जनों ने समर्पण दिवस के रूप में मनाया। उक्त अवसर एक संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें वक्ता के रूप में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने पंडित जी बारे में विस्तार से बताते हुये कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रखर विचारक, उत्कृष्ट संगठनकर्ता तथा एक ऐसे नेता थे। जिन्होंने जीवनपर्यंन्त अपनी व्यक्तिगत ईमानदारी व सत्यनिष्ठा को महत्व दिया।

वे भारतीय जनता पार्टी के लिए वैचारिक मार्गदर्शन और नैतिक प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय मजहब और संप्रदाय के आधार पर भारतीय संस्कृति का विभाजन करने वालों को देश के विभाजन का जिम्मेदार मानते थे। वह हिन्दू राष्ट्रवादी तो थे ही, इसके साथ ही साथ भारतीय राजनीति के पुरोधा भी थे। दीनदयाल जी की मान्यता थी कि हिन्दू कोई धर्म या संप्रदाय नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय संस्कृति हैं। दीनदयाल उपाध्याय की पुस्तक एकात्म मानववाद है जिसमें साम्यवाद और पूंजीवाद, दोनों की समालोचना की गई है। एकात्म मानववाद में मानव जाति की मूलभूत आवश्यकताओं और सृजित कानूनों के अनुरुप राजनीतिक कार्रवाई हेतु एक वैकल्पिक सन्दर्भ दिया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जब भारतीय जनसंघ की स्थापना की तब दीनदयाल उपाध्याय को प्रथम महासचिव नियुक्त किया गया था। उन्होंने 15 वर्षों तक महासचिव के रूप में जनसंघ की सेवा की और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के देहांत के बाद उन्हें भारतीय जनसंघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि वे बहुत अच्छे पत्रकार भी थे, वह लखनऊ में प्रकाशित होने वाली मासिक पत्रिका राष्ट्र धर्म में एक पत्रकार के रूप में कार्य किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, रामसूरत बिन्द, अशोक मौर्या, जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंघानिया, अमित श्रीवास्तव, किरण श्रीवास्तव, जिला मंत्री राजू दादा, श्याम मोहन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, विनीत शुक्ला, ब्रह्मेश शुक्ला, अनिल गुप्ता, रोहन सिंह, इन्द्रसेन सिंह आदि उपस्थित रहे।