पटना

बक्सर: झारखंड से बरामद हुई लूटी गई पिकअप, कुख्यात रोहित दूबे सहित चार गिरफ्तार


  • 18 जनवरी की शाम मुफस्सिल थाने के पवनी गांव के पास से लूटी गई थी पिकअप वैन
  • लुटेरों के पास से लूटा गया मोबाइल, बाइक, देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद

 बक्सर। मुफस्सिल थाने के पवनी-नयागांव मोड़ के पास से लूटी गई पिकअप वैन को झारखंड के गिरिडीह जिले से बरामद किया है। साथ ही इस कांड में शामिल कुख्यात रोहित दूबे सहित चार अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस को यह कामयाबी लूट की घटना के महज चार दिनों के भीतर मिली है। एसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि बीते 18 जनवरी की शाम करीब सात बजे मुफस्सिल थाने के पवनी गांव से पूरब नया गांव मोड़ पुल के पास से एक पिकअप वैन लूट ली गई थी। नया भोजपुर निवासी पिकअप वैन के मालिक जमशेद खां, जो तब गाड़ी चला रहे थे, को मारपीट कर मोबाइल और 24 सौ रुपया भी छीन लिया गया था।

इस मामले में जमशेद ने मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद  सदर एसडीपीओ गोरख राम के नेतृत्व में गठित किया गया। पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में यह पता लगा लिया कि इस कांड को कृष्णाब्रह्म थाने के बड़का ढकाइच निवासी अमर दूबे के बेटे रोहित दूबे ने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया है। इस बीच पुलिस को पता लगा कि रोहित पिकअप लेकर झारखंड के गिरिडीह चला गया है। छापेमारी हुई और वह पिकअप के साथ गिरिडीह से गिरफ्तार कर लिया गया। रोहित के पास से लूटा गया मोबाइल और इस कांड में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद कर ली गई।

रोहित की निशानदेही पर उसके घर से एक देसी कट्टा और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के नाम पुलिस को बता दिए। इसके बाद पुलिस ने इस लूटकांड में शामिल दीपक कुमार, झमन राम और रोहित राम को भी गिरफ्तार कर लिया। दीपक मुफस्सिल थाने के दुबौली का रहनेवाला है, जबकि झमन और रोहित राम जरिगांवा के. एसपी नीरज सिंह ने बताया कि रोहित और दीपक के खिलाफ लूटपाट के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। बोरा लाने के बहाने रिजर्व किया था पिकअप वैन

रोहित दूबे ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने नया भोजपुर निवासी जमशेद खां का पिकअप वैन यह कहकर रिजर्व किया था कि बोरा लाना है। इसके बाद वह पिकअप को दुबौली होते हुए पवनी की तरफ ले गया। इस बीच उसने अपने साथियों को फोन से खबर दे दी और सभी ने एक साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।