पटना

बक्सर में शराब के धंधेबाजों ने पुलिस पर किया हमला, पांच जवान जख्मी; तीन की स्थिति गंभीर


पटना। बिहार में शराब का मामला थम नहीं रहा है। पुलिस की चौकसी के बाद भी शराब का धंधा पर लगाम नहीं लग रहा है। धंधेबाजों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि वे पुलिस वालों पर भी हमला कर दे रहे हैं। ताजा मामला बिहार के बक्सर जिले का है। मिल रही जानकारी के अनुसार, चक्की ओपी क्षेत्र में शराब तस्करों ने पीछा कर रही पुलिस पर हमला कर दिया है। शनिवार की रात हुई इस घटना में पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। रविवार को सुबह से ही पुलिस इसे लेकर छापेमारी तेज कर दी है।

बताया जाता है कि चक्की पुलिस को जानकारी मिली थी कि भानगढ़ स्थित विशेश्वर डेरा के रास्ते उत्तर प्रदेश से शराब की बड़ी खेप लायी जा रही है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी। तभी बाइक से कुछ लोग आते दिखे। पुलिस ने उन्‍हें रुकने को कहा। लेकिन वे सब रुकने की बजाया भागने लगे। इस पर पुलिस ने पीछा किया। सूत्रों के अनुसार, गायघाट के पास भाग रहे युवकों के समर्थन में ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों की ओर से किए जा रहे पथराव से पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। पथराव इतना अधिक होने लगा कि पुलिस के जवानों को जान बचाकर भागना पड़ा। सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी केके सिंह के नेतृत्व में कृष्णब्रह्म और ब्रह्मपुर थानों की पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी। इस मामले में आठ लोगों को दबोचा गया है। पुलिस के अनुसार, जख्मी पांच पुलिसकर्मियों में तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंंभीर रूप से जख्मी जवानों को डुमरांव अनुमंडल अस्पताल रेफर किया गया है।