पटना

बांका: सिलेंडर धमाके में एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत


बांका (आससे)। बांका प्रखंड क्षेत्र के राजावर गांव में मंगलवार की शाम एक घर में हुए सिलेंडर धमाके में पांच बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में एक लडक़ा और चार लड़कियां शामिल हैं। इनमें चार सगे भाई-बहन थे जबकि एक चचेरी बहन। जिला मुख्यालय से 70 किमी दूर शाम करीब सात बजे हुए हादसे की सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारी गांव के लिए रवाना हो गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि मजदूरी करने वाले अशोक पासवान के घर शाम को उनकी पत्नी सुनीता देवी खाना बनाने बैठीं। पास ही एक चौकी पर उनका बेटा, तीन बेटियां और अशोक के भाई प्रकाश की एक बेटी पढ़ाई कर रही थी। जैसे ही सुनीता देवी ने गैस चूल्हा जलाया, पाइप में आग लग गई। घबराई सुनीता दौडक़ अपने पति को बुलाने बाहर भागी। इस बीच सिलेंडर में धमाका हो गया और चौकी पर बैठे पांचों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। जब तक सुनीता अपने पति को बुलाकर लौटी बच्चे आग की लपटों में घिर चुके थे, जिन्हें जिंदा बचाया नहीं जा सका।

अशोक पासवान के चारों बच्चों की मौत इस हादसे में हो गई। भाई प्रकाश की भी एक बेटी चल बसी। प्रकाश का एक पुत्र और एक पुत्री हादसे के वक्त घर के बाहर थे, इसलिए दोनों की जान बच गई। दोनों भाइयों का परिवार एक ही मकान में रहता है। उज्ज्वला योजना के तहत इनके घर गैस चूल्हा आया था। घटना की पुष्टि करते हुए सीओ मो. मोइनुद्दीन ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पीडि़त परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।