News TOP STORIES

बिहपुरिया में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- ये पार्टी वोट के लिए कुछ भी करेगी,


असम विधानसभा चुनाव 2021: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल और असम का दौरा कर चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कांथी में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद असम के बिहपुरिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया है। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

पीएम मोदी ने बिहपुरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लंबे कालखंड में जिन सत्रों, जिन नामघरों को अवैध कब्जाधारियों के हवाले किया गया था, उनको आज मुक्त किया गया। ये हम सभी के लिए कितने कष्ट का कारण था कि ‘बताद्रवा थान’ तक को इन्होंने नहीं छोड़ा था। इन पवित्र स्थानों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया।

एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता है कि बताद्रवा थान में एक बड़ा संस्थान बने। श्री श्री माधवदेव कलाक्षेत्र के लिए भी काम किया जा रहा है। श्री माधवदेव यूनिवर्सिटी के लिए काम प्रगति पर है। सिवसागर को देश की 5 महान धरोहरों में शामिल करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। कोरोना की मुश्किल परिस्थिति को जिस प्रकार यहां की सरकार ने संभाला है, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस सेवाभाव से काम किया है, जिस प्रकार गरीब से गरीब की सहायता की है, ये संस्कार श्रीमंत शंकरदेव की संत परंपरा से ही मिलते हैं।

मैं आपको जगाने आया हूं। कांग्रेस का हाथ आज एक ऐसे लोगों के साथ हैं, जिसका आधार है, असम की पहचान को तबाह करना। क्या आप ये होने देंगे? अपनी संस्कृति-परंपरा को नष्ट होने देंगे? जो दल घुसपैठ पर ही फला-फूला हो, आज उसके वोटबैंक पर कांग्रेस असम की सत्ता हथियाना चाहती है। जो दल असम के मूल निवासियों के साथ भेदभाव का प्रतीक रहा हो, कांग्रेस आज उसके हाथ में असम को सौंपने की बात कर रही है। कांग्रेस वोट के लिए कुछ भी कर सकती है, किसी का भी साथ ले सकती है, किसी को भी धोखा दे सकती है।

ये कांग्रेस का महाजोत नहीं, कांग्रेस का महाझूठ है। ऐसा महाझूठ- जिसका न विचार है, न संस्कार है। ऐसा महाझूठ- जिसके पास न नेता है, न नीति है। ऐसा महाझूठ- जो सिर्फ और सिर्फ घुसपैठ की, लूट की गारंटी देता है। ऐसा महाझूठ जो हमारे सत्रों-नामघरों-अभ्यारण्यों में अवैध कब्जे की गारंटी देता है। ऐसा महाझूठ जो अवैध शिकार की और भ्रष्टाचार की गारंटी दे सकता है। ये एक ऐसा महाझूठ है- जो अपनी सत्ता के लिए असम के गौरव को, असम की चाय तक को पूरी दुनिया में बदनाम कर सकता है।

दशकों तक कांग्रेस ने बागान में काम करने वाले साथियों के लिए कुछ नहीं किया। 15 साल के शासन में ये लोग चाय बागान के श्रमिकों की मजदूरी को 100 रुपए के आसपास तक ही ला पाए। कांग्रेस की ये सच्चाई, असम का हर चाय बागान का श्रमिक जानता है। NDA की सरकार ने सिर्फ 5 साल में Tea Workers की मज़दूरी को बढ़ाकर दोगुने तक पहुंचाया है। अब वही कांग्रेस, बड़े-बड़े झूठ बोल रही है, श्रमिक भाई-बहनों में भ्रम फैला रही है।

मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि यहां दोबारा NDA सरकार बनते ही, टी गार्डन में काम करने वालों के लिए जो फैसले हमने लिए हैं, वो और तेजी से लागू किये जायेंगे। भाजपा की-एनडीए की, डबल इंजन की सरकार मूल सुविधाओं से लेकर विकास की आकांक्षाओं तक असम को आगे बढ़ाने में जुटी है। आज असम के हर हिस्से में रहने वाले गरीब परिवारों तक को एलपीजी गैस कनेक्शन मिल चुके हैं। उनको धुएं से मुक्ति मली है।