पटना

बिहारशरीफ: आने वाले दिनों में महाघोटाला साबित होगी सात निश्चय योजना : चिराग


आशीर्वाद यात्रा में पहुंचे लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा नालंदा में बगैर चढ़ावे का नहीं होता किसी सरकारी कार्यालय में काम

बिहारशरीफ (आससे)। बिहार में सर्वत्र भ्रष्टाचार का बोलबाला है। आने वाले दिनों में बिहार में महाघोटाले के रूप में सामने आयेगा सात निश्चय योजना। इस योजना में सर्वत्र लूट हुई है। चाहे हर घर नल जल की योजना हो गया गली-नली पक्कीकरण की योजना हो। इसकी जांच हुइ तो पता चल जायेगा कि किस तरह बिहार में लूट हुई है। यह कहना था लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गृह जिला नालंदा में कोई भी ऐसा सरकारी विभाग नहीं है जहां भ्रष्टाचार का बोलबाला नहीं है। किसी भी कार्यालय में बगैर घूस और चढ़ावे के कोई काम नहीं हो रहा है। नालंदा और बिहार की जनता त्रहिमाम कर रही है।

आशीर्वाद यात्रा के दौरान लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान बिहारशरीफ पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनके काफिले पर लोगों ने जमकर फूल बरसाये और उनके नाम का जयघोष किया। आशीर्वाद यात्रा के दौरान शहर के सद्भावना मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी दिखी। परिसदन में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि आशीर्वाद यात्रा के दौरान उन्हें लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है, जिससे यह दिख रहा है कि नीतीश कुमार के 15 साल के शासन काल के दौरान उनकी नीतियों से तंग आकर लोग बदलाव चाहते है। मैं आपलोगों के माध्यम से सत्ताधारी दल के नेताओं को आगाह करना चाहता हूं कि आने वाले समय में पूरा बिहार लोजपामयी होगा।

इस अवसर पर लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष हुलास पांडेय, संगठन मंत्री संजय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश भट्ट, असरफ अंसारी, जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट, रामनरेश प्रसाद सिंह, रामकेश्वर प्रसाद उर्फ पप्पू, मंजू देवी, रमेश कुमार, शहनवाज, सौरभ कुमार, रवि अजगर, सत्येंद्र पासवान, अरूण पासवान आदि उपस्थित थे।

इसके पूर्व लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान आशीर्वाद यात्र को लेकर रविवार को राजगीर पहुंचे जहां उन्होंने अपना आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया। सबसे पहले गुरू नानकदेव शीतल कुंड परिसर स्थित गुरूद्वारा में जाकर माथा टेका और बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर गुरूद्वारा इंचार्ज हरजीत सिंह ने पवित्र अंगवस्त्र भेंट स्वरूप देकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमारा गुरू घर सबके लिए बराबर है। चाहे वे किसी धर्म, समुदाय या संगठन से हों। गुरू घर में सभी का मान बराबर हो जाता है।

उन्होंने आशीर्वाद यात्रा की सफलता के लिए चिराग पासवान को शुभकामनाएं दी। इस दौरान प्रदेश प्रवत्तफ़ा नरेश सिंह, मुखिया सह लोजपा के पूर्व प्रत्याशी मंजू देवी, लोजपा नेता विशेष चौधरी तथा रामकेश्वर प्रसाद, राजद प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार यादव, यूवा राजद नेता अभिषेक कुमार उर्फ गोलू, प्रशांत कुमार उर्फ बबलू सहित अन्य उपस्थित थे।