पटना

बिहारशरीफ: आरती के हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन व कैंडल मार्च


बिहारशरीफ (आससे)। आरती के हत्यारे की गिरफ्तारी एवं कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को देवीसराय गांव के ग्रामीणों ने शहर में विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बताया कि देवीसराय गांव की आरती कुमारी को पांच युवकों ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके पास रखे ज्वेरात लूट कर उसकी हत्या कर दी गयी और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया। इस घटना में अभी तक पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है।

वहीं इस  विरोध प्रदर्शन कई पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन देते हुए कैंडल मार्च निकाल कर विरोध जताया। राजद एवं राष्ट्रीय युवा शक्ति ने शहर में कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च देवीसराय चौक से निकलकर अस्पताल चौक पहुंचा। कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग किया कि जल्द से जल्द हत्यारे की गिरफ्तारी कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जाय अन्यथा आगे अांदोलन जारी रहेगा।

कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ता आरती के हत्यारे को फांसी दो के नारे भी लगा रहे थे और प्रशासन के कार्यशैली पर भी आवाज बुलंद की। इस अवसर पर राजद के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु, प्रधान महासचिव सुनील यादव, पप्पू यादव अरूणेश यादव, श्रवण यादव, चंदन यादव, मनोज यादव, नीतेश यादव, विजय मुखिया, ललित यादव, छोटू यादव, आजाद यादव आदि शामिल थे।