पटना

बिहारशरीफ: जल जीवन हरियाली दिवस का आयोजन


राज्यस्तरीय कार्यक्रम के वेबकास्टिंग का समाहरणालय में हुआ प्रदर्शन

बिहारशरीफ (आससे)। जल जीवन हरियाली अभियन के प्रति जन चेतना के माध्यम से जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास विभाग बिहार द्वारा वर्ष 2021 के जनवरी माह से प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को जल जीवन हरियाली दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इस आलोक में आज प्रथम मंगलवार को जिले में जल जीवन हरियाली दिवस का आयोजन किया गया।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद,  लघु जल संसाधन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल सहित अन्य सहयोगी विभागों के सचिव तथा गणमान्य लोग उपस्थित हुए। कार्यक्रम का लाइव वेबकास्टिंग नालंदा जिला मुख्यालय में भी किया गया, जहां सभी विभागों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित हरदेव भवन में किया गया। जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह के अलावे वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न सहयोगी विभागों के पदाधिकारी इसमें शामिल हुए। इस अवसर पर सभी उपस्थित वरीय पदाधिकारियों को सांकेतिक रूप से भेंट स्वरूप पौधा दिया गया।

आज के जल जीवन हरियाली दिवस पर ‘‘पौधाशाखा सृजन एवं सघन वृक्षरोपण’’ विषय पर परिचर्चा की गयी। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लो ने भी हिस्सा लिया। जिला पदाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा उन्हें भेंट स्वरूप पौधा दिया गया।